गोरखपुर में सरयू में डूबे भाई-बहन: गोताखोरों ने मौसी को बचाया, छुट्टियां मनाने आए थे ननिहाल

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
गोताखोरों ने मौसी को बचाया, छुट्टियां मनाने आए थे ननिहाल

गोला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सरयू नदी में नहाने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। उनके साथ मौजूद किशोरी को स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। दोनों बच्चे गर्मी की छुट्टियों में अपनी मां के साथ ननिहाल घूमने आए थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम उसरी निवासी विनिता अपने बच्चों प्रिंस (11) और शिवानी (13) को लेकर छुट्टियों में गोला थाना क्षेत्र के मेहड़ा गांव स्थित मायके आई हुई थीं। रविवार सुबह करीब नौ बजे दोनों बच्चे अपनी मौसी माया (16) के साथ गांव के बाहर स्थित हनुमान मंदिर घूमने गए थे। दर्शन करने के बाद तीनों सरयू नदी किनारे नहाने लगे। इसी दौरान अचानक प्रिंस का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। भाई को डूबता देख बहन शिवानी उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी, लेकिन वह भी संतुलन खो बैठी। दोनों को बचाने के प्रयास में मौसी माया भी नदी की तेज धारा और गहराई में फंस गई।

चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने लगाई छलांग

घाट पर मौजूद लोगों ने जब बच्चों की चीख-पुकार सुनी तो अफरा-तफरी मच गई। गांव के रहने वाले चंद्रमाल यादव ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। सबसे पहले उन्होंने माया को बाहर निकाला, जिसकी सांसें चल रही थीं। इसके बाद दोबारा नदी में उतरकर प्रिंस को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने मौके पर ही दोनों के पेट से पानी निकालने की कोशिश की और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया, जबकि माया का इलाज शुरू किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक, उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।

दो घंटे बाद मिली शिवानी का बॉडी

घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने शिवानी की तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने शिवानी की बॉडी नदी से बाहर निकाली। उसे भी तत्काल सीएचसी गोला ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम भाई-बहन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही गोला थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह और तहसीलदार सत्येंद्र कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से नदी और गहरे जलाशयों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। खासकर बच्चों को अकेले पानी में न जाने देने की सलाह दी गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।