UPSC की तैयारी कर रही युवती से गैंगरेप: दोस्त ने दो साथियों संग किया रेप, तीन दिन तक बंधक बनाकर की दरिंदगी,

राजधानी में यूपीएससी की तैयारी कर रही एक युवती के साथ कथित गैंगरेप और बंधक बनाकर यातना देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के पुराने दोस्त ने पहले उसे बहाने से अपने कमरे पर बुलाया। फिर दो अन्य युवकों के साथ मिलकर लगातार तीन दिनों तक उसके साथ रेप किया। पीड़िता की तबीयत बिगड़ने के बाद आरोपियों ने उसे ट्रेन में बैठाकर दिल्ली भेज दिया। मामले में दिल्ली के आनंद विहार थाने में एफआईआर दर्ज की गई है और केस लखनऊ ट्रांसफर किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जौनपुर निवासी पीड़िता दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही है और साथ ही एक निजी कॉलेज से बीए ऑनर्स की पढ़ाई भी कर रही है। वह छुट्टियों में घर आई हुई थी और 15 मई को दोबारा दिल्ली लौट रही थी। पिता ने उसे जाफराबाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठाया था। इसी दौरान उसने अपने पुराने परिचित शिवम यादव को व्हाट्सएप पर मैसेज किया। चार साल से परिचित शिवम उससे मिलने चारबाग स्टेशन पहुंच गया। बातचीत के दौरान उसने युवती से अपने कमरे पर चलने की जिद की और फिर उसे सुशांत गोल्फ सिटी स्थित किराए के कमरे में ले गया।
कॉफी में नशीला पदार्थ देने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, शिवम के साथ शनि यादव नाम का युवक भी मौजूद था। कमरे पर पहुंचने के बाद शनि बाहर चला गया और कुछ देर बाद खाने का सामान लेकर लौटा। खाना खाने के बाद शिवम ने युवती को कॉफी दी। कॉफी पीने के कुछ देर बाद उसे चक्कर और तेज नींद महसूस होने लगी। इसी दौरान शिवम ने उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट और धमकी देकर कई बार रेप किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अगले दिन शनि यादव ने भी उसके साथ रेप किया। तीसरे दिन एक और युवक कमरे में आया, जिसके बाद तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ गैंगरेप किया। लगातार अत्याचार और शारीरिक यातना से युवती की हालत बिगड़ने लगी।
हालत बिगड़ने पर ट्रेन में बैठाकर भेजा
पीड़िता के मुताबिक, जब उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई तो आरोपियों ने कैब बुक कर उसे चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचाया और सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठाकर दिल्ली भेज दिया। ट्रेन जब बरेली पहुंची तो युवती ने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी। जीआरपी ने युवती से संपर्क किया और मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस को दी गई।
पिता बोले- आरोपियों का हो एनकाउंटर
पीड़िता के पिता ने कहा कि उनकी बेटी पढ़ाई में बेहद मेधावी है और आईएएस बनने का सपना देख रही थी। इस घटना ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि बेटी अब किसी से बात नहीं कर रही और गहरे सदमे में है। पिता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की है।
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









