सिद्धार्थनगर में अनियंत्रित कार पलटने से दो की डेथ: दो गंभीर घायल, वाहन के उड़े परखच्चे

शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। घटना शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के परसा पडरिया गांव के पास सड़क किनारे स्थित पोखरे के समीप हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग इटवा क्षेत्र से अपने गांव लौट रहे थे। रविवार सुबह करीब सात बजे जब वाहन परसा पडरिया गांव के पास पहुंचा, तभी चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे कई बार पलटती हुई पोखरे के पास गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और आसपास तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए।
ऑन-द-स्पॉट दो लोगों की मौत
इस भीषण दुर्घटना में ग्राम धनधरी कला निवासी 38 वर्षीय निसार अहमद पुत्र नजीर अहमद और 19 वर्षीय नौशाद अहमद पुत्र निजाम अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 27 वर्षीय रियाज अहमद और 13 वर्षीय असद अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान
जानकारी के अनुसार हादसे के तुरंत बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और अंदर बैठे लोग फंसे हुए थे। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। ग्रामीणों की तत्परता के चलते घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही शोहरतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह वाहन की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल दोनों लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
इलाके में शोक का माहौल
दुर्घटना में दो लोगों की मौत के बाद धनधरी कला गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के सदस्यों के हादसे का शिकार होने से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









