एअर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी: सैन फ्रांसिस्को जा रहा विमान बीच रास्ते से लौटा, आठ घंटे बाद दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग

1 घंटा पहले
सैन फ्रांसिस्को जा रहा विमान बीच रास्ते से लौटा, आठ घंटे बाद दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग

राजधानी दिल्ली से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के लिए रवाना हुई एअर इंडिया की एक इंटरनेशनल फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते बीच सफर से वापस लौटना पड़ा। बुधवार को उड़ान संख्या AI173 ने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तय समय पर उड़ान भरी थी। करीब आठ घंटे तक हवा में रहने के बाद विमान को सुरक्षा कारणों से दिल्ली वापस लाया गया। विमान में लगभग 230 यात्री सवार थे। घटना के बाद यात्रियों में कुछ समय के लिए चिंता और असमंजस की स्थिति बन रही। हालांकि विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया है।

जानकारी के अनुसार, बोइंग विमान ने अपनी लंबी इंटरनेशनल यात्रा का बड़ा हिस्सा तय कर लिया था। इसी दौरान पायलटों को विमान में तकनीकी खराबी के संकेत मिले। विमान संचालन से जुड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए क्रू मेंबर्स ने तत्काल स्थिति का आकलन किया और जोखिम से बचने के लिए विमान को वापस दिल्ली लाने का निर्णय लिया। एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है।

एअर इंडिया ने जारी किया आधिकारिक बयान

घटना के बाद एअर इंडिया की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि 27 मई को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही उड़ान AI173 निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत तकनीकी खराबी के कारण वापस दिल्ली लौट आई है। प्रवक्ता ने बताया कि विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई है और अब उसे विस्तृत तकनीकी जांच के लिए भेजा जाएगा। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि विमान को दोबारा संचालन में शामिल करने से पहले सुरक्षा मानकों के अनुसार पूरी जांच की जाएगी। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम विमान के सभी सिस्टम की गहन जांच कर रही है। जिससे खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके।

यात्रियों को हुई परेशानी

लंबे समय तक हवा में रहने के बाद अचानक दिल्ली लौटने की वजह से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों की आगे की कनेक्टिंग फ्लाइट्स और यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं। हालांकि एअर इंडिया ने यात्रियों के लिए होटल, भोजन और वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था शुरू कर दी है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि उनकी यात्रा को जल्द से जल्द सुचारु बनाने का प्रयास किया जा रहा है। एयरपोर्ट पर यात्रियों की सहायता के लिए विशेष हेल्प डेस्क भी बनाई गई हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।