भारत-अमेरिका ट्रेड डील: भारतीय उत्पादों को मिलेगी तरजीही बाजार पहुंच, गोयल का बड़ा बयान

सेव सूची

अमेरिका के बाजार में भारतीय उत्पादों को प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले तरजीही पहुंच मिलेगी। इस पर भारत और अमेरिका के बीच पहले ही सहमति बन चुकी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय वस्तुओं को अमेरिकी बाजार में दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम शुल्क पर व्यापार का अवसर देने पर दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच सहमति है।

गोयल ने काहिरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच कुछ महीने पहले ही इस मुद्दे पर सहमति बन गई थी। दोनों नेताओं ने व्यापक रूपरेखा समझौते की घोषणा करते समय भारत को अमेरिकी बाजार में तरजीही व्यापार पहुंच देने की बात स्वीकार की थी।

व्यापार समझौते के पहले चरण पर चल रही बातचीत

भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप दिया था। हालांकि, इस समझौते पर पहले हस्ताक्षर होने थे, लेकिन अमेरिका की शुल्क व्यवस्था में बदलाव के कारण बातचीत को आगे बढ़ाना पड़ा।

हाल ही में एक अधिकारी ने भी कहा था कि प्रस्तावित व्यापार समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों को प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले शुल्क में तुलनात्मक लाभ देने का भरोसा दिया है। दोनों देश चालू वित्त वर्ष के अंत तक समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं।

भारत-मिस्र के व्यापारिक रिश्ते मजबूत करने पहुंचे गोयल

पीयूष गोयल दो दिवसीय यात्रा पर मिस्र की राजधानी काहिरा पहुंचे हैं। इस दौरान भारत और मिस्र के बीच व्यापार एवं निवेश बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हो रही है। अमेरिकी बाजार में भारतीय वस्तुओं को तरजीही पहुंच देने से जुड़े सवाल पर उन्होंने यह जानकारी साझा की।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।