भारती एयरटेल की बढ़ी कमाई: दूसरी तिमाही में 24 प्रतिशत बढ़ा शुद्ध लाभ, एलआईसी को भी हुआ बड़ा फायदा

दूसरी तिमाही में 24 प्रतिशत बढ़ा शुद्ध लाभ, एलआईसी को भी हुआ बड़ा फायदा

दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी भारती एयरटेल की कमाई और ज्यादा बढ़ गई है। कंपनी का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 24 प्रतिशत बढ़कर 10,710 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में कंपनी का मुनाफा 8,651 करोड़ रुपये रहा था।

भारत में 9.4 फीसदी बढ़ी कमाई

एयरटेल ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसका परिचालन से एकीकृत राजस्व आलोच्य तिमाही में 16.7 प्रतिशत बढ़कर 60,877.5 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 52,145.4 करोड़ रुपये था। भारती एयरटेल का भारत में राजस्व 9.4 प्रतिशत बढ़कर 42,308 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने कहा कि भारत में मोबाइल सेवा से राजस्व सालाना आधार पर 10.1 प्रतिशत बढ़ा। दूसरी तिमाही में प्रति ग्राहक औसत कमाई (एआरपीयू) बढ़कर 271 रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में 256 रुपये था।

एलआईसी का सितंबर तिमाही में शुद्ध लाभ 20 प्रतिशत बढ़ा

सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 20 प्रतिशत बढ़कर 12,076 करोड़ रुपये हो गया। एलआईसी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी यह जानकारी दी। बीते वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी को 10,053 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 2,62,739 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 2,39,614 करोड़ रुपये थी।

दूसरी तिमाही में एलआईसी की शुद्ध प्रीमियम आय भी बढ़कर 1,47,018 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,26,479 करोड़ रुपये थी। इस दौरान नवीकरण प्रीमियम बढ़कर 68,375 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 64,996 करोड़ रुपये था। हालांकि, पहले साल की प्रीमियम आय में मामूली गिरावट आई। यह सितंबर तिमाही में घटकर 10,432 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 10,836 करोड़ रुपये थी।

कमिंस इंडिया की कमाई घटी

कमिंस इंडिया लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 27 प्रतिशत घटकर 467 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 638 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री चार प्रतिशत बढ़कर 3,247 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 3,122 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी की घरेलू बिक्री पांच प्रतिशत बढ़कर 2,692 करोड़ रुपये रही, जबकि बीते वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में यह 2,577 करोड़ रुपये थी। वहीं, निर्यात बिक्री दो प्रतिशत बढ़कर 555 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 545 करोड़ रुपये थी।

कंपनी के अधिकारी ने क्या कहा?

कमिंस इंडिया के प्रबंध निदेशक अदिगबिले अदवुनमी ने कहा कि डेटा सेंटर, विनिर्माण, रियल एस्टेट और वितरण कारोबार में निरंतर वृद्धि के समर्थन से प्रमुख घरेलू बाजारों में मांग मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा, ''पिछली तिमाही की तुलना में निर्यात में भी वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, जिंसों और माल ढुलाई की लागत में महंगाई के साथ-साथ उत्पादों के मिश्रण का असर लाभ मार्जिन पर पड़ा। मूल्य वृद्धि से मिलने वाले लाभ धीरे-धीरे दिखाई देने की उम्मीद है।''

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।