13 महीने में सबसे सस्ती चांदी: एक दिन में ₹9 हजार से ज्यादा टूटी, सोना भी 3,653 रुपये गिरा

सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। चांदी एक ही दिन में 9,103 रुपये सस्ती होकर 1.43 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई। यह पिछले 13 महीने का सबसे निचला स्तर है। वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 3,653 रुपये घटकर 1.21 लाख रुपये पर पहुंच गया है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, सोना अपने ऑलटाइम हाई 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से करीब 32% नीचे आ चुका है। वहीं, चांदी 3.80 लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर से करीब 63% सस्ती हो चुकी है। कीमतों में इस गिरावट से उन लोगों को राहत मिल सकती है, जो शादी, त्योहार या निवेश के लिए सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं।
क्यों सस्ती हो रही है चांदी?
इंडस्ट्रियल डिमांड में कमी : चांदी का इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और विभिन्न औद्योगिक उत्पादों में बड़े पैमाने पर होता है। औद्योगिक गतिविधियों में सुस्ती या मांग कमजोर होने की आशंका से चांदी की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।
ग्लोबल मार्केट में सप्लाई का दबाव : बाजार में चांदी की उपलब्धता बढ़ने या उत्पादन में वृद्धि की आशंका से कीमतों में गिरावट आ सकती है। मांग और सप्लाई के बीच संतुलन बिगड़ने पर चांदी का भाव प्रभावित होता है।
सोने की कीमतों में गिरावट का असर : सोने और चांदी की कीमतों में अक्सर एक-दूसरे से जुड़ी चाल देखने को मिलती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट से चांदी पर भी दबाव बढ़ सकता है।
सोना सस्ता होने की तीन बड़ी वजहें
अमेरिकी डॉलर मजबूत होना : डॉलर मजबूत होने पर अन्य मुद्राओं में सोना खरीदना महंगा पड़ता है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग प्रभावित हो सकती है और कीमतों पर दबाव आता है।
ब्याज दरों का ऊंचा रहना : ब्याज दरें ऊंची रहने पर निवेशकों को बॉन्ड और अन्य ब्याज देने वाले निवेश विकल्प आकर्षक लग सकते हैं। ऐसे में सोने की मांग प्रभावित हो सकती है, क्योंकि सोना खुद ब्याज नहीं देता।
मुनाफावसूली : सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद निवेशक मुनाफा कमाने के लिए बिकवाली कर सकते हैं। इससे कीमतों में तेजी से गिरावट देखने को मिल सकती है।
अलग-अलग शहरों में सोने के भाव अलग क्यों होते हैं?
सोने की कीमत देशभर में एक जैसी नहीं होती। शहर, स्थानीय बाजार और ज्वेलर्स के हिसाब से भाव में अंतर देखने को मिल सकता है। इसके पीछे चार प्रमुख कारण हैं।
ट्रांसपोर्टेशन और सुरक्षा खर्च : सोने को एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाने में परिवहन, बीमा और सुरक्षा से जुड़े खर्च शामिल हो सकते हैं।
स्थानीय मांग और खरीदारी : अलग-अलग शहरों में सोने की मांग, खरीदारी का पैटर्न और कारोबार की मात्रा कीमतों को प्रभावित कर सकती है।
स्थानीय ज्वेलरी एसोसिएशन और बाजार : स्थानीय कारोबारियों के संगठन, बाजार की परिस्थितियां और मांग-सप्लाई के आधार पर कीमतों में अंतर हो सकता है।
ज्वेलर्स का स्टॉक और खरीद मूल्य : दुकानदार के पुराने स्टॉक, खरीद मूल्य और कारोबार की लागत के आधार पर ग्राहकों को मिलने वाले भाव में अंतर हो सकता है।
कब खरीद सकते हैं सोना?
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, सोने और चांदी में निवेश करने वालों को एकमुश्त खरीदारी के बजाय किश्तों में खरीदने की रणनीति अपनानी चाहिए। कुछ खरीदारी अभी की जा सकती है और बाकी रकम 15-20 दिन के अंतराल पर निवेश की जा सकती है।
उनके मुताबिक, निवेशकों को एक-दो महीने के छोटे लक्ष्य के बजाय 6 महीने से एक साल तक का नजरिया रखना चाहिए। इससे कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच खरीदारी का औसत भाव संतुलित करने में मदद मिल सकती है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।