कल से महंगा होगा इंडिगो का सफर: घरेलू उड़ानों पर 1300 रपये तक बढ़ा खर्च, इंटरनेशनल टिकट 10 हजार तक हुई महंगी

इंडिगो की उड़ानों में मंगलवार से यात्रियों को ज्यादा किराया देना होगा। एयरलाइन ने घरेलू उड़ानों पर 1300 रुपये और इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर 10,000 रुपये तक अतिरिक्त फ्यूल चार्ज लगाने का ऐलान किया है। नई दरें 6 अक्टूबर रात 12:01 बजे से लागू होंगी। इंडिगो ने छह महीने में तीसरी बार फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया है। इससे पहले 14 मार्च और एक अप्रैल को किराए में बढ़ोतरी की गई थी। एयरलाइन ने इसका कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ की बढ़ती कीमतों को बताया है।
एक अक्टूबर से घरेलू एयरलाइंस के लिए एटीएफ की कीमत 121 रुपये से बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर हो गई। यानी एक लीटर जेट फ्यूल 16 रुपये महंगा हुआ है। अगस्त में कीमत 5 रुपये और सितंबर में 6.28 रुपये प्रति लीटर बढ़ी थी। इस तरह तीन महीनों में एटीएफ 27.28 रुपये महंगा हो चुका है। इंडिगो के मुताबिक, अकेले पिछले महीने जेट फ्यूल के दाम 14% से ज्यादा बढ़े हैं और यह पिछले 10 सालों के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।
एयरलाइंस के खर्च पर पड़ेगा सीधा असर
जेट फ्यूल एयरलाइंस के सबसे बड़े खर्चों में शामिल है। कुल ऑपरेटिंग कॉस्ट में इसकी हिस्सेदारी करीब 30 से 40% होती है। कीमतों में अचानक बढ़ोतरी से एयरलाइंस के बजट और फाइनेंशियल आउटलुक पर असर पड़ा है। दुनिया की कई एयरलाइंस ने टिकट महंगे किए हैं। एयर न्यूजीलैंड और क्वांटास ने भी बढ़ी लागत का बोझ यात्रियों पर डालने के संकेत दिए हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

