दिवाली से पहले शेयर बाजार में जश्न जारी: सेंसेक्स ने लगाई 2,009 अंक की छलांग, निफ्टी भी 576 प्वाइंट उछला

सेंसेक्स ने लगाई 2,009 अंक की छलांग, निफ्टी भी 576 प्वाइंट उछला

शेयर बाजार ने बृहस्पतिवार को दिवाली से पहले जश्न मनाया। बाजार में लगातार छठे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स करीब 2,009 अंक की छलांग लगा गया जबकि एनएसई निफ्टी 24,500 अंक के पार पहुंच गया। पश्चिम एशिया संघर्ष के समाधान की उम्मीद, कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट और अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के नतीजों के बाद यह तेजी आई। अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को अमेरिकी संसद पर नियंत्रण मिल गया है।

निवेशों में उत्साह बढ़ा

इसके अलावा, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और अमेरिकी बाजारों में जोरदार तेजी से भी निवेशकों का उत्साह बढ़ा। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 2,008.61 अंक यानी 2.60 प्रतिशत उछलकर 79,310.01 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 2,168.63 अंक की बढ़त के साथ 79,470.03 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 576 अंक यानी 2.40 प्रतिशत चढ़कर 24,536.60 अंक पर बंद हुआ।

इन कंपनियों को हुआ फायदा

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में बजाज फाइनेंस के शेयर में सबसे अधिक 7.77 प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन में 5.80 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 5.29 प्रतिशत, मारुति 5.28 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 5.15 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में 4.66 प्रतिशत की बढ़त रही। दूसरी ओर एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अदाणी पोर्ट्स और आईटीसी के शेयर में गिरावट रही। पिछले लगातार छह कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 6,063.98 अंक यानी 8.27 प्रतिशत चढ़ चुका है, जबकि निफ्टी में 1,837.75 अंक यानी आठ प्रतिशत की तेजी आई है।

बुधवार को भी शेयर बाजार में आई थी तेजी

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 7,284.03 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 सूचकांक गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। वहीं चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त में हैं। अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को जोरदार बढ़त के साथ बंद हुए। डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 3.03 प्रतिशत उछला, एसएंडपी 500 में 1.58 प्रतिशत की तेजी आई और नैस्डैक कम्पोजिट 1.44 प्रतिशत चढ़ा। सेंसेक्स बुधवार को 383.55 अंक चढ़कर 77,301.40 अंक पर और निफ्टी 149.75 अंक की बढ़त के साथ 23,960.60 अंक पर बंद हुआ था।

44 साल बाद दिखी ऐसी तेजी

एक्सिस डायरेक्ट के डेरिवेटिव्स और टेक्निकल रिसर्च के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट हेमांग गोर ने कहा, "अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत की उम्मीदों ने वित्तीय चिंताओं को कम कर दिया है। इससे वॉल स्ट्रीट में चुनाव के बाद पिछले 44 वर्षों की सबसे बड़ी तेजी देखने को मिली। साइक्लिकल रोटेशन (क्षेत्रीय बदलाव) के चलते डाउ जोंस में 3.03% का उछाल आया, जबकि S&P 500 में 1.58% और नैस्डैक में 1.44% की बढ़त रही। हालांकि, रेगुलेशन (नियमन) के डर से AI डेटा सेंटर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई।"

तेल की कीमतों में आई गिरावट

गुरुवार को तेल की कीमतों में 8% से ज्यादा की भारी गिरावट आई। ऐसा तब हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को मध्यावधि चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा और डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण हासिल कर लिया। चुनाव के नतीजों का तेल बाजार पर गहरा असर पड़ा। निवेशकों ने इस बात का आकलन किया कि ट्रंप की आर्थिक और ऊर्जा नीतियों के लिए इस राजनीतिक झटके के क्या मायने हो सकते हैं। कच्चे तेल की कीमतों में आई इस गिरावट से व्यापक आर्थिक परिदृश्य और वैश्विक तेल मांग पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंताएं भी झलकती हैं।

क्यों आई तेल की कीमतों में गिरावट?

अमेरिका के बेंचमार्क 'वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट' (WTI) क्रूड फ्यूचर्स में 7.97 डॉलर यानी 8.3% की गिरावट आई और यह 88.12 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। वैश्विक बेंचमार्क 'ब्रेंट क्रूड' फ्यूचर्स में 8.98 डॉलर यानी 8.7% की गिरावट दर्ज की गई और यह 94.62 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। रॉयटर्स के अनुसार, जेपी मॉर्गन का अनुमान है कि सितंबर में वैश्विक तेल बाजार में 1.1 मिलियन बैरल प्रति दिन और अक्टूबर में 1.4 मिलियन बैरल प्रति दिन का सरप्लस (अतिरिक्त आपूर्ति) रहा। इसका मतलब यह है कि वैश्विक स्तर पर तेल की आपूर्ति मांग से अधिक हो गई है, जिससे कीमतों पर दबाव पड़ा है और वे नीचे आ रही हैं। खाड़ी देशों से तेल के निर्यात में आई तेजी भी इस बदलाव का एक कारण है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।