अभिनेता इमरान को पुलिस ने भेजा भारत छोड़ने का नोटिस: बोले अभिनेता-जाऊंगा बाम्बे हाईकोर्ट, सीजेपी के प्रदर्शन में हुए थे शामिल

मुंबई में सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल हुए बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस ने भारत छोड़ने का नोटिस भेजा है। अभिनेता के वकील का कहना है कि उन्हें देश छोड़ने के लिए जारी किए गए नोटिस के खिलाफ वह बॉम्बे हाई कोर्ट जाएंगे। अभिनेता ने बीते दिनों मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया था।
बता दें कि इमरान खान ने हाल ही में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इस मामले में मुंबई पुलिस ने उन्हें 28 अक्तूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस भेजा है। उनके ऊपर इमिग्रेशन एक्ट की संबंधित धारा के तहत भारतीय नागरिक ना होते हुए भी भारत में इस तरह के प्रदर्शन में शामिल होने के आरोप में करवाई की गई है। इस मामले में इमरान खान के वकील ने कहा 'उन्हें देश छोड़ने के लिए जारी किए गए नोटिस के खिलाफ वह बॉम्बे हाई कोर्ट जाएंगे। नियम ओसीआई (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) कार्डधारकों को किसी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने से नहीं रोकते हैं।'
इमरान खान के खिलाफ हुई है कार्रवाई
इमरान ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी। जानकारी के अनुसार, इमरान खान के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की धारा 29 और 7 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। उन पर आरोप है कि भारतीय नागरिक न होने के बावजूद उन्होंने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। मालूम हो कि शनिवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।
हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान ने साझा की तस्वीर
हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान ने अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें वे एक पुलिस वैन के अंदर बैठे नजर आए। इसके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, 'लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं'। मीडिया से बात करते हुए इमरान खान ने कहा कि वे मुंबई के एक नागरिक के तौर पर वहां आए थे और उनकी कोई खास मांग नहीं थी। अभिनेता ने कुछ सवाल भी उठाए थे। उन्होंने कहा, 'मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां एक नागरिक के तौर पर हूं। एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर, जो इसी शहर में रहता है। मैं यह जानने आया हूं कि लोगों की आवाजाही की आजादी पर पाबंदी क्यों लगाई जा रही है? लोगों की आवाज क्यों दबाई जा रही है? बस इसीलिए मैं यहां हूं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

