ब्रेकिंग बैड फेम आरजे मिट्टे का निधन: वॉल्टर व्हाइट जूनियर बनकर मिली थी पहचान, अभिनेता ब्रायन क्रैंस्टन ने जताया दुख

अमेरिकी टीवी सीरीज ‘ब्रेकिंग बैड’ में वॉल्टर व्हाइट जूनियर की भूमिका निभाकर लोकप्रिय हुए अभिनेता आरजे मिट्टे का 34 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता के प्रतिनिधि ने बताया कि टेक्सास में उनकी मौत हुई। रिपोर्ट में आत्महत्या की बात कही गई है। हालांकि, घटना से जुड़ी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मिट्टे ने ‘ब्रेकिंग बैड’ के अलावा ‘द ओक रूम’, ‘ट्रायम्फ’, ‘द गार्डियंस ऑफ जस्टिस’ और ‘द अनसीन’ जैसी फिल्मों व सीरीज में काम किया था। 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘स्टैंडिंग अप फॉर सनी’ में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी। अभिनय के साथ वह हॉलीवुड में दिव्यांग कलाकारों को समान अवसर दिलाने और उनके अधिकारों के समर्थन में भी आवाज उठाते रहे।
आरजे मिट्टे का पूरा नाम रॉय फ्रैंक मिट्टे तृतीय था। उनका जन्म 21 अगस्त 1992 को अमेरिका के मिसिसिपी राज्य के जैक्सन शहर में हुआ था। जन्म के समय उनकी हालत गंभीर थी और उन्हें आपातकालीन सिजेरियन ऑपरेशन से पैदा किया गया था। जन्म के दौरान सांस नहीं लेने के कारण उनके मस्तिष्क को स्थायी नुकसान पहुंचा था। तीन साल की उम्र में उन्हें सेरेब्रल पाल्सी होने का पता चला, जिससे शरीर की गतिविधियों और चलने-फिरने में परेशानी होती है। डॉक्टरों ने उनके पैरों को सीधा करने के लिए छह महीने तक प्लास्टर लगाया। बचपन में वह सहायक उपकरणों और बैसाखियों की मदद से चलते थे, लेकिन खेल और व्यायाम के सहारे उन्होंने अपनी शारीरिक क्षमता बेहतर की। किशोरावस्था तक उन्हें इन उपकरणों की जरूरत नहीं रही। 13 साल की उम्र में मां के लकवाग्रस्त होने के बाद उन्होंने परिवार की आर्थिक मदद के लिए भी काम करना शुरू कर दिया था।
पांच ऑडिशन के बाद मिला बड़ा मौका
मिट्टे 2006 में अपनी छोटी बहन के अभिनय करियर और इलाज के सिलसिले में लॉस एंजिल्स पहुंचे थे। वहां नए लोगों से जुड़ने के लिए उन्होंने अभिनय की कक्षाएं शुरू कीं और कुछ टीवी शोज में छोटे किरदार निभाए। इसी दौरान ‘ब्रेकिंग बैड’ में वॉल्टर व्हाइट के बेटे का रोल पाने के लिए उन्होंने छह महीने में पांच बार ऑडिशन दिया। सीरीज के निर्माता विंस गिलिगन ऐसे कलाकार की तलाश में थे, जिसे वास्तविक जीवन में सेरेब्रल पाल्सी हो। अंतिम स्क्रीन टेस्ट के कुछ घंटे बाद गिलिगन ने फोन कर उन्हें भूमिका मिलने की जानकारी दी। यह किरदार आगे चलकर उनकी पहचान बन गया।
ब्रायन क्रैंस्टन ने जताया शोक
सीरीज में उनके पिता की भूमिका निभाने वाले अभिनेता ब्रायन क्रैंस्टन ने सोशल मीडिया पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि कुछ सप्ताह पहले ही दोनों ने साथ लंच करने की योजना बनाई थी। क्रैंस्टन के मुताबिक, मिट्टे ने चुनौतीपूर्ण शूटिंग शेड्यूल का दृढ़ता से सामना किया और समय के साथ एक बेहतर अभिनेता के रूप में उभरे। उन्होंने उन्हें प्रतिभाशाली कलाकार के साथ-साथ ऐसा युवा बताया, जो अपनी जिंदगी को उत्साह के साथ जीता था।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

