ऑस्कर की रेस में रणबीर कपूर की ‘रामायण’: विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी की टॉप-20 फिल्मों में बनाई जगह, ड्यून-3 और द ओडिसी से होगा मुकाबला

विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी की टॉप-20 फिल्मों में बनाई जगह, ड्यून-3 और द ओडिसी से होगा मुकाबला
सेव सूची

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड’ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। फिल्म ने 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स) कैटेगरी में दुनियाभर की 20 फिल्मों की शॉर्टलिस्ट में जगह बनाई है। इससे फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

फिल्म के निर्माताओं ने इसे ऑस्कर की संबंधित कैटेगरी में विचार के लिए भेजा था। अब वीएफएक्स कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट में शामिल होने के बाद फिल्म अगली प्रक्रिया की ओर बढ़ गई है। हालांकि, टॉप-20 शॉर्टलिस्ट में जगह मिलना ऑस्कर नामांकन या पुरस्कार जीतना नहीं है। इस सूची में से आगे अंतिम नामांकन तय किए जाएंगे।

DNEG की तीन फिल्मों को जगह, ‘ड्यून 3’ और ‘द ओडिसी’ भी दौड़ में

‘रामायण’ के विजुअल इफेक्ट्स का काम नमित मल्होत्रा की कंपनी डीएनईजी (DNEG) ने किया है। यह कंपनी हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों में विजुअल इफेक्ट्स का काम कर चुकी है और अब तक आठ ऑस्कर जीत चुकी है।

इस बार विजुअल इफेक्ट्स की ऑस्कर रेस में डीएनईजी से जुड़ी तीन फिल्मों को जगह मिलने की खबर है। इनमें ‘रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड’, ‘ड्यून: पार्ट थ्री’ और ‘द ओडिसी’ शामिल हैं। इस लिहाज से कंपनी के लिए भी यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। ‘ड्यून’ फ्रेंचाइजी की पिछली दोनों फिल्मों ने विजुअल इफेक्ट्स के लिए ऑस्कर जीता था। ऐसे में इस कैटेगरी में तीसरी फिल्म ‘ड्यून: पार्ट थ्री’ भी मजबूत दावेदारों में मानी जा रही है। वहीं, क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ और ‘रामायण’ जैसी बड़े स्तर पर तैयार की गई फिल्मों के बीच मुकाबला दिलचस्प होगा।

विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट की गई 20 फिल्में

ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी के अगले चरण में पहुंची 20 फिल्मों की सूची में हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों के साथ ‘रामायण’ भी शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक, सूची में ये फिल्में शामिल हैं।

1. अवेंजर्स : डूम्सडे

2. बैकरूम्स

3. डिगर

4. डिस्क्लोजर डे

5. ड्यून: पार्ट थ्री

6. गॉडजिला माइनस जीरो

7. हार्ट ऑफ द बीस्ट

8. द हंगर गेम्स: सनराइज ऑन द रीपिंग

9. जुमांजी: ओपन वर्ल्ड

10. मोआना

11. द मॉस्किटो बाउल

12. द ओडिसी

13. प्रोजेक्ट हेल मैरी

14. रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड

15. द शीप डिटेक्टिव्स

16. स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे

17. स्टार वार्स: द मैंडलोरियन एंड ग्रोगु

18. सुपरगर्ल

19. व्हेलफॉल

20. वाइल्डवुड

अब आगे क्या होगा?

ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में 20 फिल्मों के इस चरण के बाद वोटिंग के जरिए 10 फिल्मों की आधिकारिक शॉर्टलिस्ट तय की जाएगी। इसके बाद शॉर्टलिस्ट में शामिल फिल्मों की टीमों को अपने काम का प्रस्तुतीकरण देना होगा। फिर अंतिम नामांकन के लिए वोटिंग होगी।

15 दिसंबर 2026 : विजुअल इफेक्ट्स की 10 फिल्मों की शॉर्टलिस्ट घोषित होने की तारीख।

21 जनवरी 2027 : 99वें ऑस्कर के अंतिम नामांकन घोषित होंगे।

14 मार्च 2027 : ऑस्कर पुरस्कार समारोह आयोजित होगा।

इस तरह ‘रामायण’ अभी ऑस्कर जीतने से कई कदम दूर है, लेकिन विजुअल इफेक्ट्स की 20 फिल्मों की इस रेस में पहुंचना भारतीय फिल्म के लिए अहम उपलब्धि है। अब निगाहें 15 दिसंबर पर होंगी, जब पता चलेगा कि फिल्म अंतिम 10 में जगह बना पाती है या नहीं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।