भारत में धूम, ग्रैमी में गुम हुई धुरंधर!: रणवीर सिंह की फिल्म के 9 दावों पर फिरा पानी, फाइनल नॉमिनेशन लिस्ट में नहीं मिली जगह
बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल करने वाली रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' को अंतरराष्ट्रीय संगीत जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रैमी अवॉर्ड्स-2027 में बड़ा झटका लगा है। फिल्म के गानों को ग्रैमी की अलग-अलग श्रेणियों में नामांकन के लिए भेजा गया था, लेकिन 16 नवंबर को जारी अंतिम नामांकन सूची में फिल्म का एक भी गाना जगह नहीं बना सका। फिल्म के संगीत को नौ अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार के लिए दावेदार बनाया गया था। इसके बावजूद सभी गाने नामांकन की दौड़ से बाहर हो गए।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म ने सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन किया और इसके गानों को भी दर्शकों का खूब प्यार मिला। पुराने हिंदी गानों के नए संस्करणों के साथ फिल्म में कई नए गाने भी शामिल किए गए थे। संगीतकार शाश्वत सचदेव के तैयार किए गए संगीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से निर्माताओं ने इसे ग्रैमी पुरस्कारों की दौड़ में शामिल कराने की कोशिश की थी।
नौ श्रेणियों में भेजे गए थे गाने
फिल्म के संगीत को ग्रैमी पुरस्कारों की नौ श्रेणियों में विचार के लिए भेजा गया था। इनमें सर्वश्रेष्ठ दृश्य माध्यम गीत, सर्वश्रेष्ठ एशियाई पॉप संगीत प्रस्तुति, सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत प्रस्तुति और सर्वश्रेष्ठ पॉप युगल या समूह प्रस्तुति जैसी प्रमुख श्रेणियां शामिल थीं।
फिल्म का गाना 'फिर से', जिसे अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है, सर्वश्रेष्ठ दृश्य माध्यम गीत श्रेणी में भेजा गया था। वहीं 'आरी आरी' को सर्वश्रेष्ठ एशियाई पॉप संगीत प्रस्तुति श्रेणी में शामिल करने के लिए भेजा गया था। इसके अलावा 'जान से गुजरते हैं' और 'कन्हैया' को सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत प्रस्तुति श्रेणी में दावेदारी के लिए भेजा गया था।
जैस्मिन सैंडलस और सतिंदर सरताज की आवाज में गाए गए 'जाइए सजना' को सर्वश्रेष्ठ पॉप युगल या समूह प्रस्तुति श्रेणी में भेजा गया था। इसके अलावा 'डेस्टिनी-मन अटकया' को सर्वश्रेष्ठ रैप प्रस्तुति, 'वारी जावां' को सर्वश्रेष्ठ नृत्य एवं इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग और 'हम प्यार करने वाले' को सर्वश्रेष्ठ रीमिक्स रिकॉर्डिंग श्रेणी में विचार के लिए प्रस्तुत किया गया था। पूरी फिल्म के संगीत को सर्वश्रेष्ठ दृश्य माध्यम संकलन संगीत श्रेणी में भी भेजा गया था।
'फिर से' और 'आरी आरी' भी नहीं बना पाए जगह
ग्रैमी की नामांकन सूची में फिल्म के चर्चित गानों को जगह नहीं मिली। अरिजीत सिंह का गाना 'फिर से' सर्वश्रेष्ठ दृश्य माध्यम गीत श्रेणी में नामांकन हासिल करने में नाकाम रहा। इसी तरह 'आरी आरी' भी नई एशियाई पॉप संगीत प्रस्तुति श्रेणी में जगह नहीं बना सका।
'आरी आरी' को बॉम्बे रॉकर्स, खान साब, जैस्मिन सैंडलस और सुधीर यादवांशी समेत कई कलाकारों ने आवाज दी थी। इस श्रेणी में बेबीमेटल और पॉलीफिया के 'सनसेट किस', बिनी के 'अनंग किलिग', आईवीई के 'बैंग बैंग', लिसा के 'यस' और एसबी19 के 'वीजा' जैसे गानों को नामांकन मिला।
भारतीय संगीत को फिर भी मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
हालांकि, धुरंधर के संगीत को ग्रैमी में जगह नहीं मिली, लेकिन भारतीय संगीत के लिए एक अच्छी खबर भी सामने आई है। तमिल गीत 'वरुवाय' को सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत प्रस्तुति श्रेणी में नामांकन मिला है। इस गाने को देवन एकाम्बरम और सुशा ने तैयार किया है। इसे ग्रैमी में नामांकन पाने वाला पहला तमिल गीत बताया जा रहा है।
वहीं, वर्ष 2027 के ग्रैमी पुरस्कारों की नामांकन सूची में ब्रिटिश गायिका और गीतकार रे सबसे आगे हैं। उन्हें कुल 11 नामांकन मिले हैं। स्पेनिश गायिका रोसालिया नौ नामांकनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
7 फरवरी 2027 को होगा ग्रैमी पुरस्कार समारोह
ग्रैमी पुरस्कारों का 69वां वार्षिक समारोह 7 फरवरी 2027 को अमेरिका के लॉस एंजिलिस में आयोजित किया जाएगा। संगीत की दुनिया के इस बड़े आयोजन में दुनियाभर के चर्चित कलाकार और संगीतकार हिस्सा लेंगे। धुरंधर के संगीत को नामांकन नहीं मिलने से फिल्म के प्रशंसकों को निराशा जरूर हुई है, लेकिन ग्रैमी की दौड़ में इसके गानों को शामिल करने की कोशिश ने भारतीय फिल्म संगीत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर चर्चा में ला दिया।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।