19वीं भारत-जापान विदेश मंत्री-स्तरीय रणनीतिक वार्ता: द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा, आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने पर हुई चर्चा

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने जापानी समकक्ष तोशिमित्सु मोतेगी के साथ गुरुवार को बातचीत की और इस दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने और सरकार-से-सरकार, कारोबार-से-कारोबार और लोगों-से-लोगों के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ करने पर चर्चा की। तोक्यो में आयोजित यह बैठक 19वीं भारत-जापान विदेश मंत्री-स्तरीय रणनीतिक वार्ता थी। विदेश मंत्री ने बातचीत के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ 19वीं विदेश मंत्री-स्तरीय रणनीतिक वार्ता करके खुशी हुई। हमने अपने द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की, जिसमें आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने और सरकार-से-सरकार, व्यवसाय-से-व्यवसाय और जनता से जनता संबंधों को और प्रगाढ़ करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। हमारी चर्चाओं में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की चुनौतियों और अवसरों, क्षेत्रीय गतिविधियों के केंद्रों, वैश्विक मुद्दों और बहुपक्षीय सहयोग के मुद्दे भी शामिल रहे।
इससे पहले, जयशंकर ने 2027 में भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं सालगिरह के उपलक्ष्य में एक लोगो के अनावरण के लिए आयोजित कार्यक्रम में मोतेगी के साथ हिस्सा लिया। विदेश मंत्री जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को तोक्यो में भारत-जापान के विदेश और रक्षा मंत्रियों की चौथी वार्ता में हिस्सा लिया, जिसे ‘टू प्लस टू’ बैठक के रूप में जाना जाता है। विदेशमंत्री ने बैठक के बाद संपर्क, संसाधनों, सेवाओं, आपूर्ति शृंखला और बाजार हिस्सेदारी को हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने की बढ़ती प्रवृत्ति की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि इनमें से कई घटनाक्रमों का राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधा असर पड़ता है।
विदेश मंत्री ने तारो असो से भी की मुलाकात
भारत और जापान हिंद-प्रशांत क्षेत्र को मुक्त और खुला रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और इस प्रयास में अन्य क्वाड साझेदार (अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया सदस्य हैं) भी उनके साथ जुड़े हुए हैं। विदेश मंत्री ने गुरुवार को जापान की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के उपाध्यक्ष तारो असो से भी मुलाकात की। विदेशमंत्री ने ‘एक्स’पर की गई पोस्ट में कहा कि दोनों पक्ष रणनीतिक, आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर सहमत हुए। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देश की सरकारों, व्यवसायों और लोगों के स्तर पर साझेदारी को प्रगाढ़ करने की असो की प्रतिबद्धता को वह महत्व देते हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।