ऑस्ट्रेलिया में महिला सांसद को कार से रौंदा: गंभीर हालत में एयरलिफ्ट कर पहुंचाया अस्पताल, आरोपी चालक गिरफ्तार

ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में सोमवार को निर्दलीय सांसद हेलेन हेन्स को उनकी कार्यालय के बाहर एक एसयूवी ने टक्कर मार दी। 65 वर्षीय सांसद गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना मेलबर्न से करीब तीन घंटे की दूरी पर स्थित वांगाराटा शहर में हुई। पुलिस के मुताबिक, हेन्स अपने चुनाव क्षेत्र के कार्यालय के बाहर थीं, तभी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने 43 वर्षीय चालक को गिरफ्तार किया है। वाहन से एक चाकू भी बरामद हुआ है। जांचकर्ता इस आशंका की पड़ताल कर रहे हैं कि सांसद को जानबूझकर निशाना बनाया गया। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि हमले के पीछे की वजह पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। मामले की जांच में आतंकवाद निरोधक टीम भी शामिल होगी।
विक्टोरिया पुलिस के कार्यवाहक सुपरिटेंडेंट एश्ले मेसन ने कहा कि फिलहाल आम लोगों के लिए किसी अतिरिक्त खतरे की जानकारी नहीं है। उधर, एक टीवी कार्यक्रम में हेलेन के बारे में बात करते हुए प्रधानमंत्री अल्बनीज भावुक हो गए। उनसे जनप्रतिनिधियों को मिलने वाली धमकियों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर सवाल पूछा गया था। उन्होंने कहा कि इस समय उन्हें अपनी एक साथी सांसद की चिंता है। अल्बनीज ने हेलेन को ईमानदार और अपने समुदाय के प्रति समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि हेलेन अपने क्षेत्र के लोगों की जरूरतों और समस्याओं पर बेबाकी से अपनी राय रखती हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वह ऐसा माहौल नहीं चाहते, जहां जनप्रतिनिधि सुपरमार्केट, सड़कों या सार्वजनिक बैठकों में लोगों से मिलने से डरें।
परिवार ने मददगारों का जताया आभार
हेलेन हेन्स के परिवार ने उनके फेसबुक पेज पर जारी बयान में मौके पर मदद करने वाले लोगों, स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिस का धन्यवाद किया। परिवार के मुताबिक, लोगों ने तत्काल सहायता पहुंचाई और चिकित्सा टीम ने सांसद को बचाने के लिए प्रयास किए। हेलेन हेन्स वर्ष 2019 में पहली बार ऑस्ट्रेलिया की संसद के लिए चुनी गई थीं। वह निर्दलीय सांसद हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

