बम की धमकी के बाद बुल्गारिया में उतरा ऑस्ट्रियन विमान: रोमानिया के ऊपर से बदला गया रास्ता, मिग-29 ने की सुरक्षा निगरानी

इजराइल से ऑस्ट्रिया जा रही ऑस्ट्रियन एयरलाइंस की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुल्गारिया में उतारा गया। एयरबस ए320 विमान में 51 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे। खतरे की सूचना पर बुल्गारियाई वायुसेना ने विमान की निगरानी के लिए मिग-29 लड़ाकू विमान भेजा। विमान में सवार सभी 57 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट से वियना के लिए रवाना हुआ था। रोमानिया के ऊपर उड़ान के दौरान इसे बुल्गारिया की राजधानी सोफिया की ओर मोड़ दिया गया। करीब तीन घंटे बाद रात 9:10 बजे विमान सोफिया के वासिल लेव्स्की एयरपोर्ट पर उतरा।
अलर्ट के बाद शुरू हुई सुरक्षा जांच
बुल्गारिया के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, अलर्ट मिलने के करीब 30 मिनट बाद विमान की सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई। बुल्गारिया और इजराइली मीडिया ने बम की धमकी मिलने की जानकारी दी। ऑस्ट्रियन एयरलाइंस ने भी खतरे की पुष्टि की, हालांकि कंपनी की ओर से इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई। फिलहाल विमान में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

