बाली एयरपोर्ट पर अचानक ब्लैकआउट: ठप हुआ चेक-इन सिस्टम, उड़ानों में देरी से परेशान यात्री

इंडोनेशिया के बाली स्थित नगुराह राय अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार दोपहर अचानक बिजली गुल होने से हवाई यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण एयरपोर्ट के कंप्यूटर सिस्टम ठप पड़ गए, जिससे चेक-इन प्रक्रिया रुक गई। इसके चलते काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं और कई उड़ानों में देरी की स्थिति बन गई।
बिजली गुल होने से यात्रियों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक ओर सिस्टम बंद होने के कारण वे चेक-इन नहीं कर पा रहे थे, वहीं दूसरी ओर एयरपोर्ट परिसर में एयर कंडीशनिंग (AC) भी बंद हो गई। गर्मी और उमस के बीच यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
10 मिनट में चार बार गुल हुई बिजली
एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा की। एक यात्री ने बताया कि महज 10 मिनट के भीतर एयरपोर्ट पर चार बार बिजली जा चुकी थी। बार-बार बिजली जाने से यात्रियों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई।
फिलहाल बिजली आपूर्ति पूरी तरह कब बहाल होगी और चेक-इन प्रक्रिया के साथ उड़ानों का परिचालन कब सामान्य होगा, इस बारे में यात्रियों को कोई आधिकारिक समयसीमा नहीं बताई गई है।
भारत से भी बाली के लिए मिलती हैं सीधी उड़ानें
बाली का नगुराह राय अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इंडोनेशिया के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल है। यहां से मुंबई और दिल्ली जैसे भारतीय शहरों के लिए नॉन-स्टॉप उड़ानें उपलब्ध हैं। इसके अलावा कई दूसरे देशों के लिए भी सीधी और कनेक्टिंग उड़ानों का संचालन होता है।
ऐसे में एयरपोर्ट पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की यात्रा भी प्रभावित होने की आशंका है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।