बांग्लादेश में फिर बढ़ा तनाव: ढाका एयरपोर्ट के पास बम धमाका, तीन घायल, शेख हसीना की वापसी की अटकलों के बीच पड़ोसी देश में बवाल
बांग्लादेश में संभावित राजनीतिक हिंसा की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाए जाने के बीच ढाका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दो बम विस्फोट हुए। इसमें तीन राहगीर घायल हो गए।
ढाका ट्रिब्यून अखबार की खबर के अनुसार, यह घटना सोमवार रात हुई। अखबार ने पुलिस के हवाले से बताया कि एक बम हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहरी द्वार के पास फटा, जबकि दूसरा हवाई अड्डे और फ्लाईओवर को जोड़ने वाले मार्गों के पास जसीमुद्दीन इलाके में फटा। ये विस्फोट अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगले महीने प्रस्तावित वापसी को लेकर बांग्लादेश में एक बार फिर बढ़े तनाव के बीच हुए हैं।
फ्लाईओवर से फेंके गए थे बम
हसीना अगस्त 2024 में छात्र-नेतृत्व वाले आंदोलन के बाद अपनी सरकार गिरने पर देश छोड़कर चली गईं और भारत में रह रही हैं। हालांकि, यह पता नहीं चल पाया है कि इन विस्फोटों का हसीना से कोई संबंध है या नहीं। हवाई अड्डा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी कमरुल इस्लाम तालुकदार के अनुसार, उपद्रवियों ने दो बम विस्फोट किए। इस हमले में तीन राहगीरों को मामूली चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि बम एक फ्लाईओवर से फेंके गए थे और इसके बाद से सुरक्षा के उपाय कड़े कर दिए गए हैं। हसीना की संभावित वापसी को लेकर पिछले कई दिनों से बांग्लादेश में हिंसा की घटनाएं हुई हैं, जिनमें ट्रेन, बसों और बैंकों को निशाना बनाकर की गई आगजनी भी शामिल है।
पुलिस ने इस संगठन को ठहराया जिम्मेदार
पुलिस ने इन घटनाओं में से कई के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों को जिम्मेदार ठहराया है। हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद अवामी लीग के राजनीतिक गतिविधियों और चुनावों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
बांग्ला दैनिक समाचार पत्र प्रथम आलो ने मंगलवार को खबर दी कि संभावित तोड़फोड़ की घटनाओं को रोकने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने ढाका, गोपालगंज और अवामी लीग के गढ़ माने जाने वाले अन्य जिलों के लिए विशेष सुरक्षा योजनाएं तैयार की हैं।
अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी
अखबार ने बताया कि दिसंबर भर इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जबकि पूरे देश में खुफिया निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) मोहम्मद अली हुसैन फकीर ने सभी 64 जिलों के पुलिस अधीक्षकों, आठ महानगरीय क्षेत्रों के पुलिस आयुक्तों और आठ रेंज के उपमहानिरीक्षकों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। इसमें उन्हें तोड़फोड़ की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक मोहम्मद एहसान हबीब पलाश ने कहा कि पुलिस तोड़फोड़ की किसी भी कोशिश से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। हसीना के गृह जिले और अवामी लीग के गढ़ माने जाने वाले गोपालगंज में पिछले कुछ दिनों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।