बांग्लादेश में बड़ा हादसा: मदरसे में लगी भीषण आग, जहरीले धुएं से 79 छात्र बीमार

सेव सूची

बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास नारायणगंज में मंगलवार को एक मदरसे में लगी आग से हड़कंप मच गया। आग की लपटों से ज्यादा जहरीले धुएं ने छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कम से कम 79 छात्र बीमार हो गए। जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। अग्निशमन विभाग के हवाले से बताया कि आग ढाका से करीब 16 किलोमीटर दूर नारायणगंज स्थित जामिया अशरफिया मदरसे में लगी। ‘ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार, अग्निशमन विभाग के ड्यूटी अधिकारी शाहजहां ने बताया कि मदरसे की पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। आग लगते ही धुआं तेजी से पूरी इमारत में फैल गया, जिससे वहां रह रहे छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। बाहर निकलने की कोशिश में कई छात्र धुएं की चपेट में आ गए और उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी।

पुस्तकालय जलकर खाक

इलाज के लिए अस्पताल लाए गए छात्रों ने बताया कि आग में दूसरी मंजिल पर बनी पुस्तकालय पूरी तरह जलकर खाक हो गया। किताबों और कागजों के कारण आग तेजी से फैली और धुआं और ज्यादा घातक हो गया।फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।

अस्पताल में 63 छात्र भर्ती, 16 को छुट्टी

सभी बीमार छात्रों को इलाज के लिए ढाका के ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी’ में ले जाया गया। संस्थान के चिकित्सक डॉ. सुल्तान महमूद शिकदर ने बताया कि 63 छात्रों को अस्पताल में भर्ती किया गया या आपातकालीन निगरानी में रखा गया है, जबकि शुरुआती इलाज के बाद 16 छात्रों को छुट्टी दे दी गई।

कोई जला नहीं, लेकिन फेफड़े हुए खराब

डॉ. शिकदर ने अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा कि किसी भी छात्र के शरीर पर झुलसने के निशान नहीं हैं, लेकिन जहरीला धुआं सांस के जरिए फेफड़ों में जाने से सभी को सांस संबंधी गंभीर समस्याएं आई हैं। उन्होंने बताया कि 14 से 22 साल की उम्र के चार छात्र गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती हैं। जिनमें से एक छात्र को जीवन रक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर रखा गया है।

72 घंटे रहेंगे बेहद अहम

चिकित्सकों ने गंभीर रूप से बीमार छात्रों की स्थिति का सही आकलन करने के लिए एक मेडिकल बोर्ड बनाया है। डॉक्टरों का कहना है कि इन छात्रों की स्थिति का सही आकलन करने में कम से कम 72 घंटे का समय लगेगा। अगले तीन दिन बेहद नाजुक माने जा रहे हैं। जांच के आदेशस्थानीय प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है, लेकिन यह भी देखा जा रहा है कि इमारत में अग्निशमन सुरक्षा के इंतजाम पर्याप्त थे या नहीं, और आपातकालीन निकास की व्यवस्था कैसी थी।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।