बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा: थाने और सांसद के घर में उपद्रवियों ने लगाई आग, नेता के मौत के बाद शुरू हुआ हंगामा

थाने और सांसद के घर में उपद्रवियों ने लगाई आग, नेता के मौत के बाद शुरू हुआ हंगामा
सेव सूची

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह नगर गोपालगंज और आसपास के इलाकों में, सत्तारूढ़ दल के एक स्थानीय नेता की मौत के बाद मंगलवार रात फिर हिंसा भड़क गई। इस दौरान कुछ लोगों ने एक पुलिस थाने और सत्तारूढ़ दल के एक सांसद के घर में आग लगा दी। रिपोर्ट के अनुसार, गोपालगंज से सटे फरीदपुर के भांगा इलाके में पुलिस और अब भंग की जा चुकी हसीना की अवामी लीग के समर्थकों के बीच मंगलवार शाम झड़पों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की किसान शाखा के स्थानीय नेता राजू मोल्ला की मौत हो गई।

गोपालगंज के तुंगीपारा उपजिले में अवामी लीग के कई संदिग्ध समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद हिंसा शुरू हुई थी। यह अशांति जल्द ही जिले के अन्य हिस्सों और पड़ोसी फरीदपुर तक फैल गई। इस दौरान बीएनपी के एक स्थानीय कार्यालय और कई मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई। जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने गोपालगंज में बीएनपी सांसद एस एम जिलानी के आवास को निशाना बनाया जिसके बाद उनके परिवार के सदस्य और अन्य लोग वहां से बचकर भाग गए। इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है कि जिलानी कहां हैं। उनसे फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका।

चार खड़ी बसों में लगी आग, कई स्थानों पर देसी बम से विस्फोट

हिंसा की यह ताजा घटना गोपालगंज में अवामी लीग के समर्थकों के उग्र प्रदर्शन के महज दो दिन बाद हुई है। उन प्रदर्शनों के दौरान पुलिस के वाहनों और प्रतिष्ठानों पर हमले किए गए थे। इसके बाद अधिकारियों ने जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और तुंगीपारा पुलिस थाने के प्रभारी को उनके पदों से हटा दिया था। ढाका में पुलिस ने बताया कि अज्ञात उपद्रवियों ने रात आठ बजकर 45 मिनट से 11 बजकर 15 मिनट के बीच कम से कम चार खड़ी बसों में आग लगा दी और राजधानी के विभिन्न स्थानों पर देसी बम से विस्फोट किए। हालांकि, इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

उपद्रवियों के ​खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई

देश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए ऑडियो और वीडियो साक्ष्यों का इस्तेमाल किया जाएगा। पुलिस थाने पर हमला करने तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कर्मियों के साथ मारपीट या उन पर हमला करने वालों की पहचान वीडियो फुटेज, ऑडियो रिकॉर्डिंग और तस्वीरों के जरिए की जाएगी और उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।

30 संदिग्ध कार्यकर्ता हिरासत में

तुंगीपारा के एक स्थानीय पत्रकार ने बताया कि सैकड़ों लोगों ने पुलिस थाने को घेर लिया था, जिसके बाद पुलिसकर्मी थाना खाली करके चले गए। इससे पहले थाने में करीब 30 संदिग्ध कार्यकर्ताओं को हिरासत में रखा गया था। अधिकारियों ने पहले सेना के अधिकारियों के नेतृत्व में ‘बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश’ की कई टुकड़ियां तैनात की थीं लेकिन कई घंटे तक हिंसा जारी रहने के बावजूद उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया। प्रतिबंधित पार्टी के एक स्थानीय नेता ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर कहा, घेराव के दौरान कुछ अति उत्साही या उपद्रवी कार्यकर्ताओं ने हिरासत में लिए गए युवकों को पुलिस हवालात से छुड़ाने के बाद आग लगा दी।

युवकों को अनावश्यक रूप से गिरफ्तार करने से भड़की हिंसा

हालांकि, दावा किया कि पुलिस थाने के नवनियुक्त प्रभारी ने युवकों को अनावश्यक रूप से गिरफ्तार करके हिंसा भड़काई। नेता ने कहा कि थाना प्रभारी ने अपनी ताकत दिखाकर युवकों को डराने के लिए गिरफ्तारियां की थीं जिससे आसपास के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबेद इस्लाम फिलहाल फरीदपुर में अपने निर्वाचन क्षेत्र में हैं, जहां अशांति फैली हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से बेदखल फासीवादी अवामी लीग के फरार नेता देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।