अमेरिका में बड़ा विमान हादसा: दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत, मेक्सिको की खाड़ी में क्रैश हुआ सेसना विमान

दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत, मेक्सिको की खाड़ी में क्रैश हुआ सेसना विमान
सेव सूची

अमेरिका में एक दर्दनाक विमान हादसे में दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को मिसिसिपी के तट के पास एक छोटा विमान मेक्सिको की खाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद अमेरिकी तटरक्षक बल ने कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान विमान में सवार सभी छह लोगों के शव बरामद किए गए।

अमेरिकी तटरक्षक बल के प्रवक्ता जुआन रॉस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान सेसना 210 था। यह मिसिसिपी के पास्कागूला और हॉर्न आइलैंड के बीच समुद्र में गिरा। विमान में चार वयस्कों के अलावा आठ और 10 साल की उम्र के दो बच्चे सवार थे।

पहले मिले लाइफ जैकेट और विमान का केबिन

हादसे की सूचना मिलने के बाद अमेरिकी तटरक्षक बल के बचाव दल ने समुद्र में तलाश अभियान शुरू किया। शुरुआती खोज के दौरान बचावकर्मियों को पानी पर तीन लाइफ जैकेट, एक जीवनरक्षक नौका और विमान का केबिन मिला। इसके बाद कई घंटे तक तलाशी अभियान जारी रखा गया। इसी दौरान विमान में सवार छह लोगों के शव बरामद किए गए।

न्यू ऑरलियन्स से फ्लोरिडा जा रहा था विमान

उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, सेसना 210 विमान न्यू ऑरलियन्स से फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स जा रहा था। इसी दौरान वह मिसिसिपी के तट के पास समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। विमान किस वजह से समुद्र में गिरा, इसकी जांच से जुड़े विवरण अभी सामने नहीं आए हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।