दुबई में सात धमाकों से हड़कंप: 20 मिनट में थर्राया पूरा इलाका, वीडियो बनाने के आरोप में दो अरेस्ट
ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात के दुबई स्थित जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में सिलसिलेवार धमाकों की आवाज सुनाई देने से हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो और धुएं के गुबार की तस्वीरें तेजी से वायरल हुईं। इस बीच घटना का वीडियो बनाने के आरोप में दो लोगों को अरेस्ट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि धमाकों के कारणों को लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, करीब 20 मिनट के भीतर सात धमाकों की आवाज सुनी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह किसी हमले का परिणाम था या फिर औद्योगिक क्षेत्र में हुआ कोई हादसा। वहीं यूएई ने भी धमाकों की वजह की पुष्टि नहीं की है। हालांकि ईरान ने दावा किया है कि यमन की ओर से यूएई पर मिसाइल हमला किया गया था, लेकिन इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
गोदाम में आग लगने के संकेत
नासा की थर्मल इमेज के अनुसार, बंदरगाह के निकट स्थित एक गोदाम में आग लगी थी। बताया गया कि इस परिसर का उपयोग ईंधन भंडारण और ट्रांसफर के लिए किया जाता है। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जेबेल अली दुबई का प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र है। यह दुबई शहर से लगभग 25 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। पाम जेबेल अली कृत्रिम द्वीप समूह और फ्री ट्रेड जोन के कारण यह क्षेत्र इंटरनेशनल शिपिंग और कारोबार के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। घटना की जांच जारी है।











