मिस्र में ईंधन टैंकर दुर्घटनाग्रस्त होने से भीषण आग: 31 लोगों की मौत, 21 घायल

काहिरा के आसपास से गुजरने वाले एक प्रमुख राजमार्ग पर ईंधन टैंकर से जुड़ी दुर्घटना के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 31 लोगों की मौत हो गयी। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, काहिरा के प्रमुख मार्ग रिंग रोड पर लगी आग में कम से कम 21 लोग घायल हो गए। इस हादसे में 24 से अधिक कारें और मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं।
मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटना राजमार्ग के जिस हिस्से में हुई, वह गीजा के घनी आबादी वाले वराक इलाके में स्थित है। यह क्षेत्र ग्रेटर काहिरा का हिस्सा है। घटनास्थल पर बचावकर्मी जलती हुई कारों से लोगों को बाहर निकाल रहे थे। एक वीडियो में दमकलकर्मियों को कारों के बीच फैल रही आग बुझाने की कोशिश करते देखा जा सकता है। काहिरा के उपनगर इम्बाबा के वराक जिले में घटनास्थल के पास सैकड़ों लोग जमा हो गए।
राष्ट्रपति ने पीड़ितों के प्रति व्यक्त की संवेदना
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने एक बयान जारी कर हादसे के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सरकारी अभियोजन कार्यालय ने बताया कि मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने कहा कि घायलों को पास के अस्पतालों में ले जाया गया है और वह खुद घटनास्थल पर जाएंगे। उन्होंने बताया कि मृतकों की संख्या शुरुआती आंकड़ा है। इसके और बढ़ने की आशंका है। शुरुआत में जारी बयान में 25 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन बाद में यह संख्या संशोधित कर 21 कर दी गई। मिस्र में हर साल सड़क दुर्घटनाओं में हजारों लोगों की जान जाती है। देश का सड़क परिवहन सुरक्षा रिकॉर्ड खराब रहा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।