यूरोप में हवाई यातायात बाधित: यात्रियों के लिए दहशत भरा रहा दिन , कई उड़ानों को आपात स्थिति में उतारना पड़ा

यात्रियों के लिए दहशत भरा रहा दिन , कई उड़ानों को आपात स्थिति में उतारना पड़ा

यूरोप में गुरुवार का दिन हवाई यात्रियों के लिए दहशत भरा रहा। एक के बाद एक कई उड़ानों को बम की धमकी मिली। जिसके बाद उनका रास्ता बदलकर उन्हें आपात स्थिति में उतारना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि जांच के बाद किसी भी विमान में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। और सभी यात्री सुरक्षित हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस सप्ताह यूरोप में इस तरह की कई फर्जी धमकियां सामने आई हैं।

फिनएयर की उड़ान को मिली धमकी

फिनलैंड के प्रसारक वाईएलई के अनुसार, फिनएयर की उड़ान संख्या 1761 हेलसिंकी से रोम जा रही थी। तभी उसे बम होने की धमकी मिली। इसके बाद विमान को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई। विमान ने इटली की राजधानी रोम में सामान्य तरीके से लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद विमान की गहन तलाशी ली गई। लेकिन उसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।

रयानएयर की तीन उड़ानों का बदला गया रूट

इसी तरह बुल्गारिया की राजधानी सोफिया जा रही रयानएयर की तीन उड़ानों को भी धमकी के बाद आपात स्थिति में उतारना पड़ा। हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि इनमें से दो उड़ानें डेनमार्क के कोपेनहेगन और स्पेन के मैड्रिड से आ रही थीं। दोनों विमानों को सुरक्षित रूप से सोफिया के वासिल लेवस्की हवाई अड्डे पर उतारा गया। तीसरी उड़ान लंदन के स्टैनस्टेड हवाई अड्डे से सोफिया जा रही थी। प्लोवदिव हवाई अड्डे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रासिमिर पेशेव ने बताया कि इस उड़ान का रास्ता बदलकर उसे बुल्गारिया के दूसरे सबसे बड़े शहर प्लोवदिव के हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।

फ्रांस के सैन्य अड्डे पर उतरी आयरलैंड-इटली फ्लाइट

सबसे ज्यादा चर्चा फ्रांस की घटना की रही। फ्रांस के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि आयरलैंड से इटली जा रही एक उड़ान को बम की धमकी मिली। उसके बाद गुरुवार को पश्चिमी फ्रांस के एक सैन्य हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के कार्यालय के अनुसार, विमान नॉरमैंडी के एव्रू स्थित सैन्य हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा। विमान में सवार सभी 151 यात्री और चालक दल के छह सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। सैन्य बम निरोधक दस्ते ने विमान की जांच शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट के मुताबिक, एर लिंगस की डबलिन-रोम उड़ान पेरिस के पास पहुंच रही थी, तभी उसने अचानक अपना रास्ता बदल लिया। एव्रू की ओर बढ़ने से पहले विमान ने कई चक्कर भी लगाए।

कई उड़ानों को मिलीं फर्जी धमकियां

अधिकारियों के अनुसार, इस सप्ताह यूरोप में कई अन्य उड़ानों को भी इसी तरह की फर्जी धमकियां मिली हैं। इन धमकियों के कारण विमानों की तलाशी लेनी पड़ी। उनके रूट बदले गए और एक मामले में तो इतालवी वायुसेना ने विमान को लैंडिंग तक सुरक्षा प्रदान की। इन उड़ानों में पोलिश एयरलाइन एलओटी, स्कैंडिनेवियन एयरलाइन, विज एयर और रयानएयर के विमान शामिल थे। ये धमकियां एक घटना के एक दिन बाद सामने आईं। जब बुल्गारिया जा रहे एक विमान को हवा में बम की धमकी मिलने के बाद हंगरी की ओर मोड़ दिया गया था। इन सभी घटनाओं में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

हाइब्रिड खतरे को लेकर बढ़ी चिंता

इस तरह की धमकियां यूरोप के लिए कोई नई बात नहीं हैं। लेकिन ये ऐसे समय में सामने आई हैं जब भू-राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। यूरोप में व्यवधान पैदा करने वाली कई घटनाओं के संकेत मिल रहे हैं। इनमें सुपरमार्केट की प्रशीतन प्रणालियों पर हमले, यूरोप में ड्रोन की घुसपैठ और चेतावनी देने वाले मोबाइल ऐप का रहस्यमय तरीके से सक्रिय होना शामिल है। इसी बीच अधिकारियों ने ‘हाइब्रिड’ खतरे लगातार बने रहने को लेकर चेतावनी दी है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं। कि क्या इन धमकियों के पीछे कोई संगठित गिरोह है या ये सिर्फ अफवाह फैलाने की कोशिश है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।