हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभाती है ये पांच चीजें: शरीर में आयरन की कमी हो सकती है दूर, ऑक्सीजन पहुंचाने में करता है मदद

भागदौड़ भरी जिंदगी और असंतुलित खानपान के कारण शरीर में पोषक तत्वों की कमी होना एक आम समस्या बन गई है। इनमें से एक सबसे बड़ी समस्या है शरीर में आयरन की कमी होना, जिससे हीमोग्लोबिन का स्तर गिर जाता है और लोग एनीमिया का शिकार हो जाते हैं। आयरन हमारे शरीर के लिए एक जरूरी पोषक तत्व है, जो हीमोग्लोबिन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
हीमोग्लोबिन रक्त के माध्यम से शरीर के अलग-अलग अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करता है। इसकी कमी से थकान, कमजोरी, चक्कर आना और त्वचा का पीला पड़ना जैसे लक्षण दिखने लगते हैं। जब शरीर में आयरन की मात्रा कम हो जाती है, तो हीमोग्लोबिन का स्तर भी प्रभावित हो सकता है और एनीमिया की समस्या हो सकती है। लेकिन कई मामलों में संतुलित और आयरन से भरपूर डाइट अपनाकर आयरन की कमी को कम करने में मदद मिल सकती है। अगर आप भी शरीर में आयरन की कमी से जूझ रहे हैं, तो इन पांच सुपरफूड्स को अपनी डाइट में शामिल करके हीमोग्लोबिन का स्तर तेजी से बढ़ा सकते हैं।
आयरन का बेहतरीन स्त्रोत है पालक
हरी पत्तेदार सब्जियां, विशेष रूप से पालक, आयरन का एक बेहतरीन स्रोत हैं। पालक में भरपूर मात्रा में नॉन-हीम आयरन पाया जाता है। इसके साथ ही इसमें विटामिन सी भी होता है, जो शरीर को आयरन सोखने में मदद करता है। इसे आप सब्जी, सूप या जूस के रूप में ले सकते हैं।

हीमोग्लोबिन बढ़ाने में असरदार चुकंदर
हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए चुकंदर को सबसे असरदार माना जाता है। इसमें आयरन के साथ-साथ पोटैशियम, फॉलिक एसिड और फाइबर प्रचुर मात्रा में होते हैं। चुकंदर का नियमित सेवन शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं (Red Blood Cells) के निर्माण को तेज करता है।

रक्त प्रवाह को बेहतर बनाता है अनार
अनार में आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट जैसे जरूरी तत्व पाए जाते हैं। यह न केवल शरीर में आयरन की कमी को पूरा करता है, बल्कि रक्त प्रवाह को भी बेहतर बनाता है। रोजाना एक कप अनार के दाने खाने या इसका जूस पीने से हीमोग्लोबिन का स्तर तेजी से सुधरता है।

आयरन के पावरहाउस है खजूर और अंजीर
सूखे मेवे जैसे खजूर और अंजीर आयरन के पावरहाउस कहे जाते हैं। सुबह खाली पेट 2-3 खजूर या रातभर पानी में भीगे हुए अंजीर खाने से शरीर को पर्याप्त मात्रा में आयरन मिलता है। इससे शरीर की कमजोरी दूर होती है और एनर्जी लेवल भी बढ़ता है।

प्रोटीन से भरपूर है दालें और साबुत अनाज
शाकाहारी लोगों के लिए दालें, बीन्स और साबुत अनाज आयरन का बेहद आसान और सुलभ जरिया हैं। अपनी रोजाना की डाइट में दालों को शामिल करने से शरीर को न सिर्फ प्रोटीन मिलता है, बल्कि हीमोग्लोबिन बढ़ाने में भी बड़ी मदद मिलती है। शरीर में आयरन के अवशोषण को बढ़ाने के लिए आयरन से भरपूर चीजों के साथ विटामिन सी जैसे, नींबू, संतरा, आंवला का सेवन जरूर करें। साथ ही, खाना खाने के तुरंत बाद चाय या कॉफी पीने से बचें, क्योंकि ये शरीर में आयरन को सोखने की प्रक्रिया में बाधा डालते हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

