अमेरिका के फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी में चली अंधाधुंध गोलिया: छह बच्चों समेत 12 लोग घायल, तीन की हालत गंभीर

छह बच्चों समेत 12 लोग घायल, तीन की हालत गंभीर

अमेरिका के फ्लोरिडा में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में छह बच्चों समेत कम से कम 12 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से तीन की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। यह भीषण घटना फ्लोरिडा के तल्लाहसी शहर में स्थित फ्लोरिडा एएंडएम यूनिवर्सिटी के ब्रैग मेमोरियल स्टेडियम के बाहरी परिसर के पास शनिवार रात को हुई। उस समय यूनिवर्सिटी में 'होमकमिंग वीकेंड' के जश्न का माहौल था और फुटबॉल मैच खत्म होने के बाद भारी भीड़ जमा थी।

तल्लाहसी पुलिस विभाग के मुताबिक, शनिवार रात करीब 8 बजे भीड़भाड़ वाले इलाके में दो या तीन लोगों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ। देखते ही देखते यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया और हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि कुल 12 घायलों में से 11 लोगों को सीधे तौर पर गोलियां लगी हैं।

पीड़ितों में 11 साल का बच्चा भी शामिल

पीड़ितों में छह वयस्क और छह नाबालिग शामिल हैं। घायलों में सबसे छोटा बच्चा महज 11 साल का है। गोलीबारी के शिकार हुए लोगों में से तीन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जबकि बाकी नौ पीड़ितों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में फ्लोरिडा एएंडएम यूनिवर्सिटी का एक छात्र भी शामिल है।

वारदात के बाद मौके से फरार हुए हमलावर

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। तल्लाहसी पुलिस प्रमुख लॉरेंस रेवेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस की 'वायलेंट क्राइम्स यूनिट' चश्मदीदों के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा है कि यह वारदात कैंपस के करीब बाहरी परिसर में हुई थी, लेकिन अब विश्वविद्यालय परिसर पूरी तरह सुरक्षित है। प्रशासन ने छात्रों और स्टाफ को फिलहाल उस इलाके से दूर रहने की सलाह दी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।