विदेश मंत्री जापान-भारत के अध्यक्ष कि​शिदा से करेंगे मुलाकात: दोनों देशों के रणनीतिक हितों की समानता पर होगी चर्चा, निजी संगठनों में से एक है जापान-भारत संघ

दोनों देशों के रणनीतिक हितों की समानता पर होगी चर्चा, निजी संगठनों में से एक है जापान-भारत संघ
सेव सूची

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को तोक्यो में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री और जापान-भारत संघ के अध्यक्ष फुमियो किशिदा से मुलाकात की और दोनों देशों के रणनीतिक हितों की समानता एवं आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। वर्ष 1903 में स्थापित जापान-भारत संघ जापान के सबसे पुराने निजी संगठनों में से एक है, जो दोनों देशों के बीच मित्रता और राजनीतिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में आदान-प्रदान को बढ़ावा देता है। वर्ष 2021 से 2024 तक जापान के प्रधानमंत्री रहे किशिदा इस संगठन के अध्यक्ष हैं।

जयशंकर ने किशिदा से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, हमारे रणनीतिक हितों और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े हितों की समानता पर चर्चा हुई। हमारी विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उनके निरंतर समर्थन की सराहना करता हूं। जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत-जापान के विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चौथी वार्ता के लिए जापान की यात्रा पर हैं। ‘टू प्लस टू’ के नाम से जानी जाने वाली यह वार्ता गुरुवार को होगी। दोनों भारतीय मंत्री अपने जापानी समकक्षों, विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के साथ बैठक करेंगे।

रणनीतिक और रक्षा सहयोग के पहलुओं की होगी समीक्षा

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, वार्ता में दोनों देशों के बीच रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी तथा क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान होगा। साथ ही, स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति साझा प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी। जयशंकर, मोतेगी के साथ भारत-जापान विदेश मंत्रियों की 19वीं रणनीतिक वार्ता भी करेंगे जिसमें सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा होने की संभावना है।

रायसीना तोक्यो के तीसरे संस्करण में भी हिस्सा लेंगे

जयशंकर 18 और 19 नवंबर को आयोजित ‘रायसीना तोक्यो’ के तीसरे संस्करण में भी हिस्सा लेंगे। इस मंच पर नीति निर्माता, कारोबारी दिग्गज और नागरिक समाज के प्रतिनिधि व्यापार और निवेश, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियां, ऊर्जा के क्षेत्र में बदलाव और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की व्यवस्था से जुड़े मुद्दों समेत क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। जयशंकर ने इस सप्ताह की शुरुआत में नयी दिल्ली में आयोजित नौवें भारत-जापान हिंद-प्रशांत मंच को भेजे एक वीडियो संदेश में कहा था कि स्वतंत्र, खुले और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को आकार देने में दोनों देशों की भूमिका अपरिहार्य है। विदेश मंत्री सोमवार और मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फिलीपींस में थे। वह दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान), पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) और चार देशों के समूह ‘क्वाड’ की बैठकों के लिए प्रधानमंत्री की दो दिवसीय मनीला यात्रा में उनके साथ गए थे।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।