थाईलैंड में घर में दादा-दादी की बेरहमी से हत्या: स्कूल में पांच शिक्षकों को मारी गोली, वारदात को अंजाम देकर छात्र ने दी जान
थाईलैंड के नोंथाबुरी प्रांत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 14 वर्षीय छात्र ने पहले कथित तौर पर अपने दादा-दादी की गोली मारकर हत्या की और फिर स्कूल पहुंचकर पांच शिक्षकों की जान ले ली। वारदात के बाद उसने खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना में कुल सात लोगों की मौत हुई। वहीं, 15 अन्य घायल हुए हैं।
थाईलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, नौवीं कक्षा के छात्र ने सबसे पहले अपने घर में दादा-दादी को गोली मारी। इसके बाद वह नोंथाबुरी स्थित देबसिरिन स्कूल पहुंचा और शिक्षकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई 9 एमएम पिस्तौल उसके दादा की थी, जो स्वयं शिक्षक थे। सुबह करीब 10 बजे गोलीबारी की सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
स्कूल में मचा हड़कंप
घटना के बाद पूरे स्कूल परिसर में दहशत मच गई। अधिकारियों ने तत्काल छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव समूह पोह टेक तुंग फाउंडेशन के अनुसार, इस गोलीबारी में सात लोगों की मौत हुई है और 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। स्कूल में करीब तीन हजार छात्र अध्ययनरत हैं।
हादसे की वजह की जांच जारी
एक छात्र ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा जैसे पटाखे फूट रहे हों, लेकिन लगातार गोलियों की आवाज सुनकर स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ। पुलिस ने पुष्टि की कि हमलावर छात्र ने वारदात के बाद खुद को भी गोली मार ली। प्रांतीय पुलिस और राष्ट्रीय पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।











