हनोई के रेस्तरां में विस्फोट: तीन लोगों की मौत, 14 से अधिक घायल

वियतनाम की राजधानी हनोई में मंगलवार को एक रेस्तरां में गैस रिसाव के कारण हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और 14 से अधिक घायल हो गए। विस्फोट से आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। मंगलवार तड़के हुए विस्फोट से खिड़कियों के शीशे टूट गए, दीवारों में दरारें आ गईं और धातु के शटर को नुकसान पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, पुलिस मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए खोजी उपकरणों का इस्तेमाल कर रही है और कंक्रीट के स्लैब हटाने के लिए हाइड्रोलिक मशीन लगाई गई हैं। आशंका है कि मलबे में अभी और लोग दबे हो सकते हैं, क्योंकि विस्फोट के समय रेस्तरां में काफी भीड़ थी। अधिकारियों ने आसपास की उन इमारतों से भी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, जिन्हें संरचनात्मक रूप से असुरक्षित पाया गया है। मामले की जांच जारी हैं।
दरवाजा उखड़कर तीन मीटर दूर गिरा
शुरुआती जांच में विस्फोट के कारण इमारत का एक हिस्सा ढहने की बात सामने आई है। माथे में चोट के कारण गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति समेत 14 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लान फुओंग (26) ने बताया कि विस्फोट के जोरदार झटके से उनकी और उनकी छोटी बहन की नींद खुल गई। उन्होंने बताया कि विस्फोट के कारण उनके घर की बालकनी का दरवाजा उखड़कर करीब तीन मीटर दूर जा गिरा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।