'भारत गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर': कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने मोदी सरकार को घेरा, पूछा- देश में निजी निवेश क्यों नहीं बढ़ रहा?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए कहा है कि देश गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। उन्होंने बेरोजगारी, कमजोर विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा व्यवस्था में मौजूद समस्याओं को भारतीय अर्थव्यवस्था की बड़ी चुनौतियां बताया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार की मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाएं देश की आर्थिक बुनियाद को मजबूत करने में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी हैं।
राहुल गांधी ने मंगलवार को न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया विश्वविद्यालय में छात्रों और शिक्षकों के साथ एक अनौपचारिक संवाद के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि भारत का आर्थिक मॉडल करीब एक दशक पहले ही अपेक्षित परिणाम देना बंद कर चुका था। अगर देश मौजूदा आर्थिक नीतियों के साथ आगे बढ़ता रहा, तो आने वाले समय में गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
'भारत बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है'
राहुल गांधी ने कहा कि भारत में बेरोजगारी की समस्या गंभीर है और शिक्षा प्रणाली में भी व्यापक खामियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि देश की आर्थिक वास्तविकता इससे कहीं अधिक चिंताजनक है।
उन्होंने कहा, ''सीधी बात यह है कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। यही वास्तविकता है। आप इसे नजरअंदाज कर सकते हैं, मीडिया भी इसे अनदेखा कर सकती है, लेकिन सच्चाई यह है कि भारत बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। देश की शिक्षा प्रणाली में भी व्यापक समस्याएं हैं।''
छोटे कारोबार और कृषि को बताया अर्थव्यवस्था की रीढ़
कांग्रेस नेता ने कहा कि छोटे और मझोले व्यवसाय तथा कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। रोजगार पैदा करने में इनकी अहम भूमिका है, लेकिन इन क्षेत्रों की स्थिति कमजोर होने से अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत को अपने विनिर्माण क्षेत्र को दोबारा मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल सेवा क्षेत्र के भरोसे देश की विशाल आबादी को रोजगार उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा, ''भारतीय अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ छोटे और मझोले व्यवसाय हैं, जो रोजगार पैदा करने का प्रमुख माध्यम हैं। कृषि भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारत के लिए ये दोनों क्षेत्र बुनियादी जरूरत हैं, लेकिन अर्थव्यवस्था की रीढ़ कमजोर हो चुकी है।''
'केवल सेवा क्षेत्र से सभी को रोजगार नहीं दे सकते'
राहुल गांधी ने कहा कि सेवा क्षेत्र के जरिए कुछ प्रतिशत लोगों को रोजगार मिल सकता है, लेकिन देश की पूरी आबादी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए विनिर्माण क्षेत्र का मजबूत होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भारत ने विनिर्माण क्षेत्र की जरूरत को नजरअंदाज किया है। उनके मुताबिक, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के बिना देश में बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करना मुश्किल होगा।
अदाणी-अंबानी का नाम लेकर निजी निवेश पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने भारत में निजी निवेश की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में कुछ बड़े कारोबारी समूह लगातार विस्तार कर रहे हैं, जबकि छोटे व्यवसायों को संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी का नाम लेते हुए पूछा कि भारत में निजी निवेश व्यापक स्तर पर क्यों नहीं बढ़ रहा है और कारोबार का विस्तार कुछ चुनिंदा समूहों तक ही क्यों सीमित दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा, ''भारत में निजी निवेश क्यों नहीं हो रहा है? देश में केवल (गौतम) अदाणी और (मुकेश) अंबानी जैसे कारोबारी समूह ही क्यों आगे बढ़ रहे हैं? टाटा समूह पर भी अदाणी का प्रभाव लगातार क्यों बढ़ रहा है?''
आर्थिक ढांचे को मजबूत करने की जरूरत
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों की मेहनत से देश में जो आर्थिक ढांचा तैयार किया था, उसे कमजोर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए विनिर्माण क्षेत्र को फिर से खड़ा करना होगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि मजबूत विनिर्माण क्षेत्र के बिना भारत का सफल आर्थिक विकास संभव नहीं है। राहुल गांधी के मुताबिक, रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास को गति देने के लिए देश को अपनी आर्थिक नीतियों पर पुनर्विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ''हम विनिर्माण के बिना सफलतापूर्वक आगे नहीं बढ़ सकते। यह बिल्कुल संभव नहीं है।''
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।