भारत ने UN में याद दिलाया बंगाल का अकाल: : कहा- युद्ध की कीमत सब बराबर नहीं चुकाते, विकासशील देशों पर सबसे ज्यादा मार

: कहा- युद्ध की कीमत सब बराबर नहीं चुकाते, विकासशील देशों पर सबसे ज्यादा मार
सेव सूची

यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध का असर अब केवल दोनों देशों तक सीमित नहीं है। खाद्यान्न, ईंधन, उर्वरक और ऊर्जा की आपूर्ति प्रभावित होने से विकासशील देशों पर इसका सबसे ज्यादा बोझ पड़ रहा है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में यह मुद्दा उठाते हुए 1943 के बंगाल के भीषण अकाल की याद दिलाई। भारत ने कहा कि युद्ध का खामियाजा सभी देश समान रूप से नहीं भुगतते। जिन देशों की युद्ध शुरू करने में कोई भूमिका नहीं होती, उन्हें भी इसके विनाशकारी परिणाम झेलने पड़ते हैं।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने सोमवार को सुरक्षा परिषद की उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि वैश्विक संघर्षों से पैदा हुए खाद्य, ईंधन और उर्वरक संकट का सबसे गंभीर असर वैश्विक दक्षिण यानी विकासशील देशों पर पड़ रहा है। उन्होंने चेताया कि युद्ध से जुड़ी आपूर्ति बाधित होने पर दुनिया के गरीब और कमजोर देशों में खाद्य असुरक्षा और गहरा सकती है।

बंगाल के अकाल का उदाहरण देकर चेताया

भारतीय राजदूत ने 1943 के बंगाल अकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस त्रासदी में 30 लाख से अधिक लोगों की जान गई थी। यह इस बात की भयावह याद दिलाता है कि दूर कहीं चल रहे युद्ध और उससे जुड़ी प्राथमिकताओं के कारण आम लोगों को कितनी बड़ी मानवीय कीमत चुकानी पड़ सकती है।

उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भी ऐसे लोग युद्ध के अप्रत्यक्ष शिकार बने थे, जिनका संघर्ष शुरू करने से कोई लेना-देना नहीं था। आज की स्थिति भी इसी तरह की चिंता पैदा कर रही है। भारत ने कहा कि युद्ध के प्रभावों को रोकने के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देना जरूरी है।

रूस-यूक्रेन से दुनिया के अनाज कारोबार का बड़ा हिस्सा जुड़ा

भारत ने बैठक में वैश्विक खाद्य सुरक्षा में काला सागर क्षेत्र की अहमियत भी बताई। राजदूत पर्वतनेनी के मुताबिक, भारत और काला सागर क्षेत्र मिलकर दुनिया के कुल अनाज उत्पादन का करीब पांचवां हिस्सा पैदा करते हैं। वहीं रूस और यूक्रेन वैश्विक गेहूं, मक्का और जौ के निर्यात में लगभग एक चौथाई हिस्सेदारी रखते हैं।

ऐसे में युद्ध के कारण कृषि उत्पादन, समुद्री परिवहन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित होने का असर दुनिया के दूसरे हिस्सों तक पहुंचना स्वाभाविक है। भारत ने अफगानिस्तान को गेहूं, सूडान को चावल और फलस्तीन को मानवीय सहायता पहुंचाने का उदाहरण देते हुए वैश्विक खाद्य आपूर्ति में अपनी भूमिका भी रेखांकित की।

काला सागर में जहाजों पर हमले रोकने की मांग

भारत ने काला सागर में व्यापारिक जहाजों और उनके कर्मचारियों पर हो रहे हमलों पर भी गंभीर चिंता जताई। पर्वतनेनी ने उन घटनाओं का जिक्र किया, जिनमें भारतीय नाविकों की जान गई। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को एमवी ओमोर्फी जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत हुई थी। अक्टूबर में एमवी रॉयड मैमाडोव पर हमले के समय तीन भारतीय नागरिक सवार थे। इसके अलावा एमवी गोल्डन लियो और एमवी एजीएन रैग्नर जहाज भी हमलों की चपेट में आए, जिनमें चार लोगों की मौत हुई और दो लापता हो गए।

भारत ने व्यापारिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाना तत्काल बंद करने तथा अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित आवाजाही बहाल करने की मांग की। भारत ने यह भी कहा कि मानवीय सहायता और वैध व्यापार की आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र ने भी जताई चिंता

बैठक में संयुक्त राष्ट्र की राजनीतिक और शांति निर्माण मामलों की उप महासचिव रोजमेरी डिकार्लो ने कहा कि ऊर्जा ढांचे पर हमलों का असर आम लोगों की बिजली, पानी और गर्मी की सुविधाओं पर पड़ रहा है। काला सागर में ड्रोन हमलों से नागरिक जहाजों की आवाजाही को खतरा है और खाद्य सामग्री के निर्यात में बाधा आ रही है।

विश्व खाद्य कार्यक्रम के कार्यकारी निदेशक ल्यूक लिंडबर्ग ने चेतावनी दी कि रूस और यूक्रेन का करीब एक करोड़ टन गेहूं वैश्विक बाजारों तक नहीं पहुंच पा रहा है। यह मात्रा लगभग 4.4 करोड़ लोगों का पेट भरने के लिए पर्याप्त हो सकती थी। उन्होंने सदस्य देशों से अकाल रोकने, भोजन को हथियार की तरह इस्तेमाल न करने और मानवीय सहायता कर्मियों पर हमले बंद कराने के लिए एकजुट होने की अपील की।

भारत ने शांति और सुरक्षित आपूर्ति पर दिया जोर

भारत ने सुरक्षा परिषद से मानवीय सहायता की निर्बाध पहुंच, नागरिक ढांचे की सुरक्षा और समुद्री रास्तों पर स्वतंत्र आवाजाही को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। राजदूत ने कहा कि भारत युद्ध के जल्द अंत और स्थायी शांति के प्रयासों में योगदान देने को तैयार है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का हवाला देते हुए कहा कि दुनिया को अंतहीन युद्ध के बजाय युद्ध के अंत की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। भारत के मुताबिक, वैश्विक दक्षिण के लिए शांति केवल कूटनीतिक शब्द नहीं है, बल्कि इसका मतलब है कि भूखे लोगों तक भोजन पहुंचे, जहाज सुरक्षित बंदरगाह तक पहुंचें और नाविक सकुशल अपने घर लौट सकें।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।