इंडोनेशिया में भूकंप से दहशत: अब तक 20 लोगों की मौत, भारी तबाही के बीच दर्ज हुए कई आफ्टरशॉक

15 अगस्त 2026
अब तक 20 लोगों की मौत, भारी तबाही के बीच दर्ज हुए कई आफ्टरशॉक

इंडोनेशिया के फ्लोरेस द्वीप में शनिवार सुबह आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने बड़े इलाके में तबाही और दहशत का माहौल पैदा कर दिया। भूकंप के तेज झटकों के बाद अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और लोग घरों तथा अन्य भवनों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। भूकंप के बाद लगातार कई आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए। इनमें 5.9, 5.6 और 6.1 तीव्रता के झटके शामिल हैं। शुरुआती स्थिति को देखते हुए कई तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी। इसे कुछ घंटे बाद वापस ले लिया गया। हालांकि, प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और क्षतिग्रस्त इमारतों में वापस नहीं जाने की सलाह दी है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब छह बजे आया। इसका केंद्र एंडे शहर से लगभग 68 किलोमीटर दूर समुद्र के नीचे था। झटकों के बाद नागेकेओ इलाके में समुद्र का पानी अचानक पीछे हट गया। इसे सुनामी का संभावित संकेत मानकर स्थानीय लोगों में घबराहट फैल गई और कई लोग ऊंचे स्थानों की ओर भागने लगे। बाद में सुनामी की चेतावनी हटा ली गई, लेकिन अधिकारियों ने लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा है। उनका कहना है कि भूकंप के बाद तेज आफ्टरशॉक आने की आशंका बनी हुई है। अब तक दर्जनों आफ्टरशॉक दर्ज किए जा चुके हैं और इनमें सबसे शक्तिशाली झटका 6.1 तीव्रता का रहा।

सभा भवन की गिरी छत

सिक्का स्थित सेंट पीटर मेजर सेमिनरी में सुबह की प्रार्थना के दौरान सभा भवन की छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। जानकारी के अनुसार, घटना के समय छात्र और नन वहां मौजूद थे। छत गिरने के बाद सभी में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर निकलने लगे। इसी दौरान एक पादरी ने खुद को बचाने के लिए दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस घटना में उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया।

मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर लेकर गए

भूकंप के झटकों के बाद एहतियाती कदम के तौर पर कई अस्पतालों से मरीजों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ने स्ट्रेचर की मदद से मरीजों को सुरक्षित अस्पताल से बाहर लेकर आए। अस्पताल परिसरों के बाहर बिस्तर, आईवी स्टैंड और ऑक्सीजन सिलेंडर लगाए गए। कई स्थानों पर खुले में ही मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

फ्लोरेस द्वीप में कई इमारतों को नुकसान

भूकंप के झटके फ्लोरेस द्वीप के बड़े हिस्से में महसूस किए गए। शुरुआती रिपोर्टों में कई इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ वीडियो में इमारतें गिरती और क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही हैं, हालांकि इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के सिक्का की निवासी योहाना एम्बू ने बताया कि झटके महसूस होते ही लोग जान बचाने के लिए ऊंचे स्थानों की तरफ भागने लगे। उन्होंने मौमेरे बंदरगाह के टर्मिनल का प्रतीक्षालय भी गिरा हुआ देखा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।