केन्या में बस-ट्रक की टक्कर में 22 की मौत: कई अन्य लोग हुए घायल, तीन हफ्ते पहले गई थीं 17 जानें

केन्या में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। रविवार सुबह राजधानी नैरोबी को तटीय शहर मोम्बासा से जोड़ने वाले प्रमुख राजमार्ग पर बस और ट्रक की टक्कर में 22 लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय बस में सवार यात्री एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी राजमार्ग पर करीब तीन सप्ताह पहले हुए एक अन्य हादसे में भी 17 लोगों की जान चली गई थी।
माकुएनी काउंटी के आयुक्त अब्दुल्लाही खलीफ ने आशंका जताई है कि हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घायलों का इलाज जारी है। अधिकारियों की ओर से हादसे से जुड़े हालात की जांच की जा रही है।
राजमार्ग का हिस्सा पहले से दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र
केन्या में सड़क दुर्घटनाओं के पीछे तेज रफ्तार और सड़कों की खराब स्थिति को प्रमुख कारण माना जाता रहा है। राष्ट्रीय परिवहन और सुरक्षा प्राधिकरण के मुताबिक, हादसे वाली जगह राजमार्ग का चिह्नित ‘ब्लैक स्पॉट’ है। ऐसे क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा अधिक रहता है। प्राधिकरण ने बताया कि इस हिस्से में सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए पहले ही सिफारिशें की गई थीं। लगातार हो रहे हादसों ने राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

