पोलैंड के क्राकोव शहर में बंदूकधारी ने की गोलीबारी: हमले में छह लोगों की मौत, 15 हुए जख्मी

हमले में छह लोगों की मौत, 15 हुए जख्मी

पोलैंड के क्राकोव शहर में शनिवार को एक बंदूकधारी ने बाजार चौक पर गोलाबारी की। इस हमले में छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मुठभेड़ में हमलावर भी घायल

क्राकोव पुलिस ने बताया कि 24 वर्षीय हमलावर पोलैंड का नागरिक है और उसने शहर के बीचों-बीच स्थित और पर्यटकों के बीच लोकप्रिय मुख्य चौक में गाड़ी चलाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें पुलिस अधिकारियों सहित कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कुछ दूर कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कर्मियों से हुई मुठभेड़ में एक गोली हमलावर को लगी और वह घायल हो गया।

सेना की वर्दी पहने था हमलावर

क्राकोव पुलिस की प्रवक्ता कतार्ज़िना सिस्लो ने एक समाचार चैनल को बताया कि हमलावर ने सेना जैसी वर्दी पहनी हुई थी और उसने हमले में सेना में इस्तेमाल होने वाली बंदूक का इस्तेमाल किया। पुलिस को उसकी कार से कई अन्य हथियार और गोला-बारूद भी मिले। सिस्लो ने बताया कि हमलावर अकेला था और अब जनता सुरक्षित है।

घटनास्थल की आई तस्वीरों में दिख रहा है कि पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में एंबुलेंस मौजूद हैं और पोलिश चिकित्सा बचाव विमान सेवा और हेलीकॉप्टर चौक पर उतर रहे हैं। क्राकोव नगरपालिका परिवहन कंपनी ने बताया कि अपराह्न करीब तीन बजे एक ट्राम चालक ने सूचना दी कि मुख्य चौराहे के पास से गुजरते समय, एक चलती हुई कार में सवार व्यक्ति ने उसकी ट्राम पर गोली चलाई। इस घटना में ट्राम चालक के केबिन की खिड़की टूट गई।

मरने वालों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल

पोलैंड के गृह मंत्री मार्शिन कियरविंस्को ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष हैं। दो पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।

आरोपी के घर से दो महिलाओं और एक पुरुष के शव मिले

आरोपी के घर की तलाशी लेने पर उसके घर से दो महिलाओं और एक पुरुष के शव मिले हैं। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि मृतक संभवतः आरोपी के परिवार के करीबी सदस्य थे। उन्होंने शनिवार देर रात मिले तीनों शवों को इस त्रासदी का एक और दुखद घटनाक्रम बताया। बता दें कि करीब 3.7 करोड़ की आबादी वाले पोलैंड में लगभग 4.11 लाख लोगों के पास बंदूक रखने का लाइसेंस है। देश में बंदूक रखने के प्रति लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ रही है।

हर साल करीब 1.5 करोड़ लोग आते है क्राकोव

हर साल लगभग 1.5 करोड़ पर्यटक क्राकोव आते हैं, जिनमें से ज़्यादातर लोग इस मुख्य चौक से होकर गुजरते हैं। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पुलिस हमले की जांच कर रही है। पोलैंड के राष्ट्रपति कैरोल नावरोकी ने कहा कि उनकी संवेदनाएं पीड़ितों, घायलों और उनके परिवारों के साथ हैं। क्राकोव पोलैंड का दूसरा सबसे बड़ा शहर है और राजधानी वारसॉ से लगभग 250 किलोमीटर दूर है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।