लीबिया में ड्रोन हमले में दो अ​धिकारियों की मौत: जनरल कमान ने लिया जवाबी कार्रवाई का संकल्प, यूक्रेनी बलों ने सात ड्रोन का किया था इस्तेमाल

जनरल कमान ने लिया जवाबी कार्रवाई का संकल्प, यूक्रेनी बलों ने सात ड्रोन का किया था इस्तेमाल
सेव सूची

पूर्वी लीबिया में खड़े एक रूसी युद्धपोत पर सप्ताहांत में यूक्रेन के ड्रोन हमले में घायल हुए लीबियाई नौसेना के दो अधिकारियों की मौत हो गई। दोनों अधिकारियों को मंगलवार शाम मृत घोषित किया गया। स्वयंभू ‘लीबियन नेशनल आर्मी’ ने मंगलवार देर रात एक बयान में कहा कि दोनों अधिकारी बेनगाजी नौसैनिक अड्डे पर रविवार को हुए ड्रोन हमले में घायल हो गए थे। एलएनए की जनरल कमान ने ‘‘उचित समय एवं स्थान पर और उचित तरीके से’’ जवाबी कार्रवाई करने का संकल्प लिया।

शक्तिशाली सैन्य नेता जनरल खलीफा हफ्तार के नेतृत्व वाली एलएनए वर्षों के गृहयुद्ध और अराजकता के कारण विभाजित लीबिया का सबसे ताकतवर समूह है। देश के पूर्वी एवं दक्षिणी हिस्सों पर उसका नियंत्रण है और रूस के साथ उसके घनिष्ठ संबंध हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रविवार को रूसी नौसेना के ‘कॉर्वेट’ श्रेणी के युद्धपोत पर हमले के लिए यूक्रेनी बलों ने सात ड्रोन का इस्तेमाल किया था। लीबिया के प्राधिकारियों ने बताया कि युद्धपोत ईंधन और अन्य आवश्यक सामग्री लेने के लिए नौसैनिक अड्डे पर आया था।

युद्धपोत को निशाना बनाकर कई समुद्री ड्रोन छोड़े गए

स्वयंभू लीबियन नेशनल आर्मी से जुड़े दो अधिकारियों ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी बलों द्वारा संचालित एक अड्डे से युद्धपोत को निशाना बनाकर कई समुद्री ड्रोन छोड़े गए थे। अधिकारियों ने बताया कि कम से कम चार ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया गया, जबकि दो ड्रोन युद्धपोत से टकराए। ‘कॉर्वेट’ छोटे युद्धपोत होते हैं, जिनका इस्तेमाल तटीय जलक्षेत्र में गश्त करने और अन्य पोतों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए किया जाता है। एक अधिकारी ने बताया कि हमले में लीबिया और रूस के नागरिकों समेत कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं। इस हमले के साथ रूस-यूक्रेन युद्ध यूरोप से हजारों मील दूर एक नये रणक्षेत्र तक पहुंच गया है। इस हमले से यह भी सामने आया है कि रूस और यूक्रेन किस तरह उत्तर अफ्रीकी देश लीबिया को अपने व्यापक टकराव का केंद्र बना रहे हैं।

प्रतिद्वंद्वी विदेशी शक्तियों का प्राप्त है समर्थन

तेल समृद्ध लीबिया का भूमध्य सागर से लगा तट सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और उसकी सीमाएं छह देशों से लगती हैं। लीबिया में एक दशक से अधिक समय से सत्ता बंटी हुई है और वहां की दोनों सरकारों को अलग-अलग प्रतिद्वंद्वी विदेशी शक्तियों का समर्थन प्राप्त है। त्रिपोली स्थित अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार ने यूक्रेन और उसके पश्चिमी सहयोगियों के साथ संबंध मजबूत किए हैं। पूर्वी लीबिया में प्रधानमंत्री ओसामा हम्माद की सरकार है और उनके शक्तिशाली सहयोगी हफ्तार के रूस के साथ घनिष्ठ संबंध हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।