बैंकॉक के बार में लगी भीषण आग: 27 लोगों की मौत; 63 घायल, टॉयलेट में छिपे कई लोगों की दम घुटने से मौत

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक बार में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य घायल हो गए। हादसे के समय बार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में बिजली प्रणाली में खराबी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। सभी घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।
फायर ब्रिगेड विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक इमारत का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था। हादसा बैंकॉक के चातुचक जिले में स्थित एक लोकप्रिय बार में हुआ। इसे स्थानीय स्तर पर 'रोंग बीयर ना लाट फ्राओ' के नाम से जाना जाता है। यह स्थान रेस्तरां और मनोरंजन केंद्र के रूप में काफी प्रसिद्ध है।
धमाके के बाद पूरे बार में भर गया धुआं
घटनास्थल पर मौजूद एक संगीतकार ने बताया कि आग लगने से कुछ देर पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। इसके तुरंत बाद तेज धमाका हुआ और कुछ ही पलों में पूरा बार धुएं से भर गया। अफरा-तफरी के बीच लोग बाहर निकलने का रास्ता तलाशने लगे। कई लोग जान बचाने के लिए इमारत के पिछले हिस्से में बने टॉयलेट में छिप गए। लेकिन धुआं भर जाने के कारण उनका दम घुट गया और उनकी मौत हो गई।
घटनास्थल का प्रधानमंत्री ने लिया जायजा
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सभी शव बरामद कर लिए गए हैं और हादसे की विस्तृत जांच कराई जा रही है। वहीं, बैंकॉक के गवर्नर चाचार्ट सित्तिपुंत ने कहा कि बार के भीतर लगी ज्वलनशील सजावटी सामग्री के कारण आग बेहद तेजी से फैली। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह का अभी अंतिम रूप से पता नहीं चल सका है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









