नेपाल में बड़ा हादसा: लैंडिंग के दौरान टकराए दो हेलिकॉप्टर, भारतीय नागरिक की मौत
नेपाल में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई जबकि न्यूजीलैंड का एक भारतीय मूल का नागरिक जख्मी हो गया। हादसा दो हेलिकॉप्टर के आपस में टकराने से हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। पुलिस के बयान के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार सुबह सोलुखुम्बु जिले की खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर चार में स्थित फेरेचे में हुआ। जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलिकॉप्टर सुबह करीब 8:11 बजे (स्थानीय समय) लैंडिंग के दौरान आपस में टकरा गए। पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तामांग के मुताबिक इस हादसे में फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर में सवार भारतीय पर्यटक वसंत कुमार बालारामारामाडु की मौत हो गई। इसी हेलिकॉप्टर में सवार न्यूजीलैंड के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल घायल हो गए हैं। वे भारतीय मूल के हैं। उन्हें प्रभु हेलिकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट कर काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया।
दो अन्य भी हुए हैं जख्मी
हादसे में नेपाली पायलट रवींद्र प्रजापति (फिशटेल एयर) और प्रज्वल केसी (एयर डायनेस्टी) भी घायल हुए हैं। दोनों को आगे के इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया है। फेरेचे, काठमांडू से करीब 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है और माउंट एवरेस्ट बेस कैंप जाने वाले रास्ते में पड़ता है। नेपाली अधिकारियों के मुताबिक एक हेलिकॉप्टर लुकला से आ रहा था, जबकि दूसरा एवरेस्ट बेस कैंप के पास गोरक्षेप की तरफ से लौट रहा था। दोनों अलग-अलग दिशाओं से एक ही जगह उतरने की कोशिश कर रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीपैड पर बर्फ जमी होने के कारण भी यह स्थिति बनी हो सकती है। हालांकि, हादसे की असली वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
यहां पर ज्यादातर होता है हेलिकॉप्टर सेवाओं का इस्तेमाल
दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलटों की चोटों को लेकर शुरुआती रिपोर्टों में अलग-अलग जानकारी सामने आई है। फेरीचे एवरेस्ट क्षेत्र में स्थित है। यहां आने-जाने के लिए हेलिकॉप्टर सेवाओं का इस्तेमाल किया जाता है। हादसे के समय दोनों हेलिकॉप्टरों में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। टक्कर की वजह की भी जांच की जा रही है। फेरीचे हेलीपैड समुद्र तल से करीब 4,371 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में हेलिकॉप्टर सर्विस का सेंटर है। यहां से पर्वतारोहियों और ट्रेकिंग पर आने वाले पर्यटकों को मदद पहुंचाई जाती है। खासतौर पर ऊंचाई के कारण तबीयत बिगड़ने, सांस लेने में परेशानी होने या किसी दुर्घटना में घायल होने पर लोगों को हेलिकॉप्टर से निचले इलाकों या अस्पतालों तक पहुंचाया जाता है।
उत्तराखंड में 4 दिन पहले हुआ था हेलिकॉप्टर क्रैश, 6 की गई थी जान
उत्तराखंड के चमोली जिले में 30 अक्टूबर को बद्रीनाथ से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। हादसा जोशीमठ के पास चाई गांव के नजदीक हुआ। इस हासे में पायलट समेत छह लोगों की जान चली गई थी। हेलिकॉप्टर में 5 यात्री सवार थे, जो कर्नाटक के रहने वाले थे। विमान ने दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी और जोशीमठ घाटी के ऊपर उसका संपर्क टूट गया था। हादसे की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) कर रहा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

