नेतन्याहू को आइजनकोट का झटका: बोले- चुनाव हार चुके हैं, आपकी चाल में नहीं फंसूंगा
इजराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजनकोट से राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाने के लिए साथ आने की अपील की है। हालांकि, आइजनकोट ने नेतन्याहू के प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू जानते हैं कि वह चुनाव हार चुके हैं और अब उनकी राजनीतिक चालों में फंसने वाले नहीं हैं।
नेतन्याहू ने शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सभी प्रमुख राजनीतिक दलों को एक साथ आना चाहिए। उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को इजराइल के लिए बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि उसे हमेशा के लिए खत्म करना जरूरी है। नेतन्याहू का आरोप है कि ईरान दोबारा परमाणु कार्यक्रम शुरू करने की कोशिश कर रहा है और मौका मिलने पर इजराइल के खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस खतरे से निपटने के लिए राष्ट्रीय एकता की सरकार जरूरी है। छोटी सरकार या आतंकवाद समर्थक दलों के सहारे यह काम नहीं हो सकता।
आइजनकोट बोले- नेतन्याहू की चाल में नहीं फंसूंगा
नेतन्याहू की अपील पर आइजनकोट ने कुछ ही मिनटों में जवाब देते हुए प्रस्ताव ठुकरा दिया। उन्होंने कहा, "नेतन्याहू जानते हैं कि वे चुनाव हार चुके हैं। वे ऐसे समय बातचीत की अपील कर रहे हैं, जब बातचीत पहले से चल रही है। उनकी ये चालें मुझ पर काम नहीं करेंगी।"
इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने पिछले सप्ताह आइजनकोट को नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्हें इसके लिए 28 दिन का समय दिया गया है। जरूरत पड़ने पर यह अवधि 14 दिन और बढ़ाई जा सकती है।
67 सांसदों ने किया आइजनकोट का समर्थन
इजराइल में 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में किसी भी दल या गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। 120 सदस्यों वाली संसद नेसेट में नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं, जबकि आइजनकोट के चार दलों वाले गठबंधन को 48 सीटों पर जीत मिली। अरब दलों ने 19 सीटें हासिल कीं।
चुनाव के बाद राष्ट्रपति ने सांसदों से प्रधानमंत्री पद के लिए उनकी पसंद पूछी। इसमें 67 सांसदों ने आइजनकोट का समर्थन किया, जबकि 46 सांसद नेतन्याहू के पक्ष में रहे। इसी आधार पर आइजनकोट को सरकार बनाने का पहला अवसर मिला।
अल्पमत सरकार बनाने की रणनीति पर काम
आइजनकोट 48 सांसदों के समर्थन से सरकार बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। उनकी योजना के मुताबिक, उनके गठबंधन के 48 सांसद सरकार के पक्ष में मतदान करेंगे, जबकि नेतन्याहू के 46 सांसद विरोध में वोट डालेंगे। बाकी 26 सांसद मतदान से दूर रह सकते हैं। इनमें अरब और अति-रूढ़िवादी दलों के सदस्य शामिल हैं। इस रणनीति के तहत विरोध में पड़ने वाले मतों से अधिक समर्थन हासिल कर सरकार बनाने की कोशिश है।
आइजनकोट ने स्पष्ट किया है कि वह अरब दलों को अपनी सरकार में शामिल नहीं करेंगे, लेकिन चाहते हैं कि ये दल मतदान से दूर रहें।
कट्टरपंथी नेताओं को सरकार में शामिल करने पर मतभेद
सरकार गठन को लेकर दोनों पक्षों के बीच एक और बड़ा मतभेद दक्षिणपंथी और कट्टरपंथी नेताओं की भूमिका को लेकर है। नेतन्याहू चाहते हैं कि राष्ट्रीय एकता सरकार में मध्यपंथी और दक्षिणपंथी यहूदी दल शामिल हों, लेकिन अरब दलों को इससे बाहर रखा जाए। उनके सहयोगियों ने अरब दलों पर चुनाव चुराने का आरोप लगाया है, हालांकि इसके समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं दिया गया है।
वहीं, आइजनकोट ने नेतन्याहू पर अरब दलों के खिलाफ नस्लवादी अभियान चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वह नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और बेजालेल स्मोट्रिच की धार्मिक जायोनिज्म पार्टी के नेताओं के साथ सरकार बनाने को तैयार हैं, लेकिन इसके लिए एकता की पहल में ईमानदारी जरूरी है। वह दक्षिणपंथी मंत्री इतामार बेन-गविर के समर्थकों समेत कट्टरपंथी नेताओं को सरकार में शामिल करने के पक्ष में नहीं हैं।
मंगलवार को चुना जाएगा नेसेट का नया स्पीकर
इजराइल की संसद नेसेट मंगलवार को नए स्पीकर का चुनाव करेगी। फिलहाल यह पद नेतन्याहू के सहयोगी आमिर ओहाना के पास है। विपक्ष ने उनकी जगह पूर्व सैन्य अधिकारी मटन कहाना को उम्मीदवार बनाया है। स्पीकर का यह चुनाव भी नई सरकार के गठन की दिशा में अहम माना जा रहा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।