अमेरिका में परिवार की चार पीढ़ियों का खात्मा: डिनर के दौरान 8 की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने खुद को भी मारी गोली
अमेरिका के मोंटाना राज्य के बिलिंग्स शहर में एक ही परिवार के 8 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों में चार बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, परिवार के लोग घर में एक साथ डिनर कर रहे थे, तभी संदिग्ध ने फायरिंग शुरू कर दी। वारदात के बाद उसने घर में आग लगा दी और खुद को भी गोली मार ली। पुलिस के पहुंचने पर घर के बाहर एक घायल व्यक्ति मिला, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस इसी व्यक्ति को घटना का संदिग्ध मान रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना में मारे गए लोग एक ही परिवार की चार पीढ़ियों से संबंधित थे। इनमें चार बच्चे भी थे। पुलिस को घर में गोली चलने और एक बच्चे के बेहोश होने की सूचना मिली थी। इमरजेंसी कॉल के बाद पुलिस और दमकल की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। पुलिस के पहुंचने तक स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी थी। घर के पीछे से लगातार गोलियों की आवाज सुनाई दे रही थी। घर के बाहर एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। पुलिस ने उसी व्यक्ति को घटना का संदिग्ध माना है।
911 कॉल में बच्चे के बेहोश होने की सूचना
घटना के दौरान 911 पर की गई कॉल में घर के अंदर गोली चलने और एक बच्चे के बेहोश होने की जानकारी दी गई थी। डिस्पैचर ने पूछा कि क्या बच्चे को गोली लगी है? हालांकि, इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी। कॉल करने वाले ने बताया कि बच्चा बेहोश है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि उसकी सांस चल रही है या नहीं। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियों को भी घटनास्थल पर भेजा गया। कुछ देर बाद स्थिति को देखते हुए एक और फायर इंजन भेजने के निर्देश दिए गए।
गोलियों की आवाज के बीच धधकता रहा घर
इमरजेंसी टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने घर के बाहर एक घायल व्यक्ति को देखा, जबकि अंदर से गोलियां चलने की आवाज आ रही थी। इसी दौरान घर में लगी आग तेजी से फैलने लगी। फायरिंग और आग के कारण दमकलकर्मी तत्काल घर के भीतर प्रवेश नहीं कर सके। फायर चीफ मैट हॉपेल ने बताया कि आग तेजी से फैली और घर का बड़ा हिस्सा जल गया। आग बुझाने के लिए इस्तेमाल किए गए पानी और जले हुए मलबे के कारण घटनास्थल से साक्ष्य जुटाना चुनौतीपूर्ण हो गया है। पुलिस को जांच के दौरान इसी वजह से अतिरिक्त समय लग रहा है।
पड़ोसी ने पटाखों जैसी आवाज सुनी
घटनास्थल से करीब तीन मकान दूर रहने वाले निवासी ने बताया कि उन्हें पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ देर बाद एक पड़ोसी ने फोन कर इलाके में गोलीबारी की जानकारी दी। इसके बाद हिलर घर से बाहर निकले तो पुलिसकर्मी हथियारों के साथ वाहनों की आड़ में खड़े दिखाई दिए। घटनास्थल से काला धुआं भी उठ रहा था।
आग लगने की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध मृतकों को जानता था। हालांकि, उसने परिवार के लोगों की हत्या क्यों की, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घर में आग किस तरह लगी, इसकी भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक मामले से जुड़ी सभी जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जाएंगी।











