रूस के केमिकल गैस प्लांट में लगी भीषण आग: 7 की मौत; जिनमें छह चीनी नागरिक शामिल, 9 लोग लापता

26 अगस्त 2026
7 की मौत; जिनमें छह चीनी नागरिक शामिल, 9 लोग लापता

रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में स्थित अमूर गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लग गई। हादसे में छह चीनी नागरिकों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। आग पर काबू पा लिया गया है। हादसे के बाद प्लांट में राहत और बचाव अभियान चलाया गया। बड़ी संख्या में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

प्लांट प्रबंधन ने टेलीग्राम के जरिए हादसे की जानकारी दी। उसके मुताबिक, आग की घटना में कुल 152 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 36 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद रूस की इन्वेस्टिगेटिव कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर घटना को इंडस्ट्रियल सेफ्टी नियमों के उल्लंघन से जोड़कर देखा जा रहा है। जांच टीम आग लगने की वजह और सुरक्षा मानकों में संभावित चूक का पता लगाने में जुटी है।

निर्माण में विदेशी कर्मचारियों की थी भूमिका

रूस के इस गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य में बड़ी संख्या में विदेशी कर्मचारियों की मदद ली गई थी। इनमें चीन के कई नागरिक भी शामिल थे। रूस के बड़े इंडस्ट्रियल और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में विदेशी कर्मचारियों की भागीदारी आम रही है। हादसे में छह चीनी नागरिकों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, लापता नौ लोगों की पहचान और उनकी स्थिति को लेकर जांच पूरी होने का इंतजार है।

पॉलीइथिलीन-पॉलीप्रोपाइलीन उत्पादन का बड़ा केंद्र

अमूर गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स रूस के लिए रणनीतिक रूप से अहम प्रोजेक्ट है। इसे पॉलीइथिलीन और पॉलीप्रोपाइलीन उत्पादन के क्षेत्र में दुनिया के सबसे बड़े कॉम्प्लेक्स में से एक माना जाता है। यहां हर साल करीब 23 लाख मीट्रिक टन पॉलीइथिलीन और चार लाख टन पॉलीप्रोपाइलीन का उत्पादन होता है। यह प्रोजेक्ट रूस के अमूर क्षेत्र में सिबुर और सिनोपेक के सहयोग से विकसित किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।