अमेरिका में विमान हादसे में दो की मौत: 2 लोगों की हालत गंभीर, दुर्घटना से कई इलाके की बिजली आपूर्ति ठप
अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा फ्रेस्नो के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में सिएरा स्काई पार्क हवाई अड्डे के पास ब्लाइथ एवेन्यू के नजदीक हुआ। विमान दुर्घटना की सूचना मिलते ही कई आपातकालीन एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। फ्रेस्नो अग्निशमन विभाग ने मलबे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद फ्रेस्नो पुलिस विभाग, फ्रेस्नो अग्निशमन विभाग, फ्रेस्नो काउंटी शेरिफ कार्यालय और नॉर्थ सेंट्रल फायर डिपार्टमेंट की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए मलबे की जांच और प्रभावित लोगों की मदद का काम शुरू किया। हादसे से आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। इसके बाद पैसिफिक गैस एंड इलेक्ट्रिक कंपनी की टीमों को मौके पर भेजा गया। आउटेज मैप के मुताबिक, प्रभावित इलाकों में बाद में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी गई।
विमान और हादसे की वजह की जानकारी नहीं
अधिकारियों ने अब तक मृतकों और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। विमान के मॉडल समेत अन्य तकनीकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। दुर्घटना की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। अधिकारी मलबे और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रहे हैं। हादसे की जांच जारी है।











