अमेरिका में हेलिकॉप्टर क्रैश: तीन की हुई मौत; एक घायल, चार कारें-दो कंटेनर हुए क्षतिग्रस्त
अमेरिका के लॉस एंजिल्स में सैन फर्नांडो वैली इलाके में मीडिया का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। लॉस एंजिल्स अग्निशमन विभाग ने बताया कि हादसे के बाद चार लोगों का आकलन किया गया। इनमें तीन को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल व्यक्ति को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
सैन फर्नांडो वैली में मीडिया का हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हुआ। घटना के बाद लॉस एंजिल्स अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग के अनुसार कार्रवाई में 56 दमकलकर्मी शामिल रहे। हादसे के बाद लगी आग से चार कारें और दो स्टोरेज कंटेनर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
एफएए और एनटीएसबी करेंगे जांच
अग्निशमन विभाग के बयान के मुताबिक हेलिकॉप्टर दुर्घटना की जांच अमेरिका का फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) करेगा। हादसे की वजह का तत्काल खुलासा नहीं किया गया है। जांच एजेंसियां दुर्घटना के कारणों और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल करेंगी।











