स्विट्जरलैंड से नाराज उत्तर कोरिया: स्विस राजनयिक को अवांछित व्यक्ति घोषित किया, 48 घंटे में देश छोड़ने का दिया आदेश

स्विस राजनयिक को अवांछित व्यक्ति घोषित किया, 48 घंटे में देश छोड़ने का दिया आदेश
सेव सूची

उत्तर कोरिया ने बुधवार को प्योंगयांग में हाल ही में खोले गए स्विट्जरलैंड के राजनयिक कार्यालय के प्रमुख एस्तिये सिल्वेन को अवांछित व्यक्ति घोषित कर दिया। उन्हें 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया गया है। यह कार्रवाई उत्तर कोरिया की ओर से स्विस राजनयिक कार्यालय बंद करने की मांग और दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच की गई है।

किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने दी थी धमकी

उत्तर कोरिया का यह कदम ऐसे समय आया है जब देश के नेता किम जोंग उन की प्रभावशाली बहन किम यो जोंग ने मंगलवार को स्विट्जरलैंड के राजनयिक कार्यालय को बंद करने की धमकी दी थी। उन्होंने पूर्वी उत्तर कोरिया में युवाओं के शिविर पर प्रतिबंध लगाने के स्विट्जरलैंड के फैसले की आलोचना की थी।

स्विट्जरलैंड ने वोनसान स्थित सोंगडोवोन अंतरराष्ट्रीय बाल शिविर पर प्रतिबंध लगाया है। इस शिविर पर यूक्रेन के रूस के कब्जे वाले क्षेत्रों से बच्चों को दूसरी जगह ले जाने में कथित भूमिका निभाने का आरोप है।

बढ़ सकता है तनाव

‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) के मुताबिक, उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने प्योंगयांग में पिछले महीने खोले गए स्विस राजनयिक कार्यालय के प्रमुख एस्तिये सिल्वेन को तलब किया। उन्हें एक आधिकारिक नोटिस सौंपा गया, जिसमें राजनयिक कार्यालय बंद करने और 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया गया। स्विट्जरलैंड के प्रतिबंधों को उत्तर कोरिया ने अपने खिलाफ कार्रवाई माना है। इस घटनाक्रम से दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव बढ़ने की आशंका है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।