पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किया एयरस्ट्राइक: बमबारी में 11 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत, तालिबान ने लगाया संप्रभुता उल्लंघन का आरोप

10 जून 2026
बमबारी में 11 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत, तालिबान ने लगाया संप्रभुता उल्लंघन का आरोप

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। तालिबान सरकार ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई सीमावर्ती इलाकों में हवाई हमले किए। जिनमें 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल बताए गए हैं। वहीं 14 महिलाएं घायल हुई हैं। इस घटना के बाद दोनों देशों के संबंधों में और अधिक तल्खी आने की आशंका जताई जा रही है।

तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान के कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में आम नागरिकों के घरों को निशाना बनाया। उन्होंने इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता और हवाई क्षेत्र का खुला उल्लंघन बताया। तालिबान प्रशासन ने हमलों में घायल हुए लोगों की तस्वीरें भी जारी की हैं। इंटरनेशनल समुदाय से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। हालांकि पाकिस्तान की ओर से अब तक इस कथित एयरस्ट्राइक पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सीमा विवाद और सुरक्षा चिंताओं के बीच बढ़ा टकराव

यह घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के बीच सीमा सुरक्षा को लेकर लगातार विवाद चल रहा है। बीते कई महीनों से दोनों देशों के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में गोलीबारी, सैन्य गतिविधियों और घुसपैठ के आरोपों का सिलसिला जारी है। पाकिस्तान का आरोप है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के लड़ाके अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल कर उसके खिलाफ हमले कर रहे हैं। वहीं तालिबान सरकार इन आरोपों को लगातार खारिज करती रही है। घटना से एक दिन पहले पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में स्थित एक सीमा चौकी पर हुए हमले में छह सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी। पाकिस्तानी अधिकारियों का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में आठ आतंकवादी भी मारे गए। पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ सैन्य अभियान चलाने की बात कहता रहा है। जबकि अफगानिस्तान इन अभियानों को अपनी सीमाओं और संप्रभुता का उल्लंघन मानता है।

पुराने विवादों ने और गहराया अविश्वास

तालिबान सरकार का दावा है कि पिछले एक वर्ष में पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाइयों में सैकड़ों नागरिक प्रभावित हुए हैं। मार्च 2026 में भी अफगानिस्तान में हुए एक बड़े हवाई हमले को लेकर दोनों देशों के बीच तीखा विवाद हुआ था। अफगान अधिकारियों ने उस समय दावा किया था कि काबुल स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र पर हुई बमबारी में सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी। जबकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि कार्रवाई आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाकर की गई थी।

क्षेत्रीय स्थिरता पर मंडराने लगा खतरा

एक्सपर्ट्स का मानना है कि लगातार बढ़ रही सैन्य कार्रवाइयों और आरोप-प्रत्यारोप से पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता प्रभावित हो सकती है। दोनों देशों के बीच फरवरी से जारी तनाव अब हवाई हमलों और जवाबी आरोपों तक पहुंच चुका है। ऐसे में इंटरनेशनल समुदाय की नजरें इस घटनाक्रम पर टिकी हैं। फिलहाल दोनों देशों के बीच हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं और किसी भी नई घटना से क्षेत्रीय तनाव और बढ़ सकता है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।