फिलीपींस में भूकंप से एक की मौत: मिंडानाओ बना तबाही का केंद्र, चार देशों में सुनामी का हाई अलर्ट

08 जून 2026
मिंडानाओ बना तबाही का केंद्र, चार देशों में सुनामी का हाई अलर्ट

फिलीपींस में सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने व्यापक तबाही मचा दी। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जबकि एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। भूकंप के बाद प्रशांत क्षेत्र के कई देशों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया के तटीय इलाकों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की गई है। एक्सपर्ट्स ने कुछ क्षेत्रों में तीन मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई है। जिससे तटीय आबादी में दहशत का माहौल है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 5:07 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप स्थित जनरल सैंटोस शहर से लगभग 13 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। भूकंप की गहराई को लेकर अलग-अलग एजेंसियों ने भिन्न आंकड़े जारी किए हैं। फिलीपींस भूकंप संस्थान ने इसकी गहराई 10 किलोमीटर बताई है। जबकि USGS के अनुसार झटके का केंद्र जमीन से 55 किलोमीटर नीचे था। तेज कंपन के कारण लोग अपने घरों, कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलकर खुले स्थानों की ओर भागे।

कई इलाकों में नुकसान

स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक भूकंप के कारण अनेक भवनों में दरारें आ गईं और कई संरचनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। जनरल सैंटोस सिटी के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जिससे राहत और बचाव कार्य प्रभावित हुआ। शहर प्रशासन द्वारा जारी तस्वीरों में दुकानों, व्यावसायिक परिसरों और आवासीय इमारतों को भारी नुकसान दिखाई दे रहा है। सरंगानी प्रांत के अलाबेल कस्बे में स्थित पुलिस स्टेशन की इमारत में भी दरारें दर्ज की गई हैं। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि हाल के वर्षों में यह क्षेत्र का सबसे शक्तिशाली भूकंप महसूस किया गया है।

सुनामी को लेकर क्षेत्रीय देशों में अलर्ट

भूकंप के तुरंत बाद पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने चेतावनी जारी की। कहा कि फिलीपींस के कुछ तटीय क्षेत्रों में तीन मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। वहीं इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ समुद्री तटों पर एक मीटर तक ऊंची लहरों की संभावना व्यक्त की गई है। इंडोनेशिया की मौसम और भूभौतिकी एजेंसी ने उत्तर-पूर्वी तटीय क्षेत्रों के लिए सतर्कता बढ़ा दी है। जापान मौसम एजेंसी ने भी दक्षिणी तटीय इलाकों में सुनामी एडवाइजरी जारी की है। हालांकि अमेरिका और कनाडा के प्रशांत तटों तथा हवाई द्वीप समूह के लिए फिलहाल किसी बड़े खतरे की पुष्टि नहीं की गई है।

लगातार आ रहे आफ्टरशॉक

मुख्य भूकंप के बाद प्रभावित क्षेत्र में लगातार कई आफ्टरशॉक दर्ज किए गए हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार बड़े भूकंप के बाद इस तरह के झटके सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं। ये पहले से कमजोर हो चुकी इमारतों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि आफ्टरशॉक कई दिनों या हफ्तों तक जारी रह सकते हैं। फिलीपींस, इंडोनेशिया और जापान प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित हैं। जिसे दुनिया का सबसे सक्रिय भूकंपीय क्षेत्र माना जाता है। यही वजह है कि इन देशों में भूकंप, ज्वालामुखी गतिविधियां और प्राकृतिक आपदाएं बार-बार देखने को मिलती हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।