पीएम मोदी का ऑस्ट्रेलिया दौरा: वैश्विक चुनौतियों के बीच साझेदारी पर जोर, व्यापार और निवेश बढ़ाने का आह्वान

1 घंटा पहले
वैश्विक चुनौतियों के बीच साझेदारी पर जोर, व्यापार और निवेश बढ़ाने का आह्वान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन को संबोधित करते हुए दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को नई गति देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता, सप्लाई चेन में व्यवधान और ऊर्जा संकट जैसे हालात के बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया का भरोसेमंद साझेदार के रूप में साथ आगे बढ़ना दोनों देशों के हित में है। कार्यक्रम के बाद ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ सेल्फी भी ली। प्रधानमंत्री मोदी छह से 11 जुलाई तक तीन देशों के दौरे पर हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और ऑस्ट्रेलिया ने भविष्य की मजबूत साझेदारी की ठोस नींव तैयार की है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार मजबूत हुआ है और साथ मिलकर काम करने से नए बाजारों तक पहुंच बनाने में भी सफलता मिली है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यह साझेदारी व्यापार, निवेश और तकनीक के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोलेगी।

स्वच्छ ऊर्जा, निवेश और तकनीक पर विशेष फोकस

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और वर्ष 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। इस दिशा में ऑस्ट्रेलिया की तकनीक और यूरेनियम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को भारत के पोर्ट, एयरपोर्ट, सड़क, रेलवे, इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में निवेश के व्यापक अवसरों की जानकारी भी दी।

राज्यों और उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने का सुझाव

प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के राज्यों, छोटे शहरों, विश्वविद्यालयों और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच सीधे सहयोग बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि सेक्टर-टू-सेक्टर और स्टेट-टू-स्टेट साझेदारी से आर्थिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते के लागू होने के बाद भारत का ऑस्ट्रेलिया को निर्यात दोगुना हुआ है। अब दोनों देश व्यापक व्यापार समझौते के जरिए कारोबारी रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

11 जुलाई को न्यूजीलैंड के लिए होंगे रवाना

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में करीब 40 हजार भारतवंशियों को भी संबोधित किया। इसी दौरान उनकी ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। इसमें व्यापार समझौते के साथ रक्षा सहयोग पर भी चर्चा होने की संभावना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री 11 जुलाई को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।