फ्रांस दौरे पर पीएम मोदी: मैक्रों से आज होगी अहम वार्ता, रक्षा, तकनीक और नवाचार सहयोग पर रहेगी नजर

2 घंटे पहले
मैक्रों से आज होगी अहम वार्ता, रक्षा, तकनीक और नवाचार सहयोग पर रहेगी नजर

फ्रांस के छह दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नीस शहर में भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। शनिवार देर रात होटल पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने उनका अभिनंदन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधता एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उपस्थित लोगों से आत्मीय संवाद किया। बच्चों से मुलाकात की तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का अवलोकन किया। प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर भारतीय समुदाय में विशेष उत्साह देखने को मिला। फ्रांस में रह रहे भारतीयों ने इसे दोनों देशों के मजबूत होते संबंधों का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री मोदी आज फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बैठक को दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वार्ता के दौरान रक्षा, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य तकनीक, मेडिकल अनुसंधान, अंतरिक्ष सहयोग तथा नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार दोनों देशों के बीच करीब एक दर्जन महत्वपूर्ण समझौतों पर सहमति बन सकती है। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे। जिसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर भारतीय नवाचार और स्टार्टअप क्षमता को प्रदर्शित करना है।

राफेल सौदे पर भी होगी महत्वपूर्ण चर्चा

भारत और फ्रांस के बीच प्रस्तावित 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद को लेकर भी वार्ता के दौरान अहम चर्चा होने की संभावना है। भारत इस सौदे में तकनीकी आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दे रहा है। विमानों में स्वदेशी हथियार प्रणालियों के एकीकरण की सुविधा चाहता है। इसी संदर्भ में सोर्स कोड और तकनीकी पहुंच का मुद्दा भी उठाया जा सकता है। हालांकि इस रक्षा सौदे को अभी केंद्रीय मंत्रिमंडल की सुरक्षा मामलों की समिति की अंतिम मंजूरी प्राप्त नहीं हुई है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री की यात्रा के बाद इस विषय पर आगे की प्रक्रिया तेज हो सकती है।

जी-7 शिखर सम्मेलन और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा

फ्रांस दौरे के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 16 और 17 जून को एवियान में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जलवायु परिवर्तन और इंटरनेशनल सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसी दौरान प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच द्विपक्षीय मुलाकात भी प्रस्तावित है। दोनों नेताओं की यह मुलाकात लगभग 16 महीने बाद होगी। जिससे वैश्विक कूटनीतिक हलकों की नजरें इस बैठक पर टिकी हुई हैं।

स्लोवाकिया दौरा भी रहेगा ऐतिहासिक

फ्रांस प्रवास के बीच प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया की यात्रा भी करेंगे। जहां वे प्रधानमंत्री रोबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रीनी से मुलाकात करेंगे। वर्ष 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा होगा। इसके अलावा होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और समुद्री व्यापार मार्गों की स्थिरता को लेकर भी महत्वपूर्ण विमर्श होने की संभावना है। ऐसे में प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देगा, बल्कि वैश्विक रणनीतिक समीकरणों में भारत की बढ़ती भूमिका को भी रेखांकित करेगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।