पीएम मोदी का आसियान देशों को संदेश: हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, सहयोग से तय होना चाहिए

हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, सहयोग से तय होना चाहिए
सेव सूची

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) के बीच सहयोग को वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया है। मंगलवार को फिलीपींस के मनीला में आयोजित भारत-आसियान शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और आसियान की कुल आबादी दुनिया की जनसंख्या का लगभग एक-चौथाई हिस्सा है। ऐसे में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हमारा साझा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से तय हो।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की आसियान के साथ साझेदारी में संगठन की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति प्रतिबद्धता अटूट है और आगे भी बनी रहेगी। उन्होंने जोर दिया कि भारत और आसियान के बीच मजबूत सहयोग न केवल दोनों पक्षों के विकास के लिए जरूरी है, बल्कि पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता कायम करने में भी अहम भूमिका निभा सकता है।

दुनिया को शांति और स्थिरता की सबसे ज्यादा जरूरत

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने कई संकटों का सामना किया है। आज अंतरराष्ट्रीय समुदाय को शांति, स्थिरता और ऐसे माहौल की सबसे अधिक आवश्यकता है, जहां भविष्य को लेकर अनिश्चितता न हो।

उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में इस वर्ष के शिखर सम्मेलन का विषय 'मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना' विशेष महत्व रखता है। मोदी के मुताबिक, भारत और आसियान के बीच साझेदारी को मजबूत बनाकर क्षेत्रीय चुनौतियों का मिलकर सामना किया जा सकता है।

विकसित भारत 2047 और आसियान सामुदायिक दृष्टिकोण 2045 पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और आसियान के विकास लक्ष्यों को एक-दूसरे से जुड़ा हुआ बताया। उन्होंने कहा कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं। आने वाले वर्षों में 'आसियान सामुदायिक दृष्टिकोण 2045' और 'विकसित भारत 2047' दोनों पक्षों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि भारत-आसियान की यह बैठक दोनों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। साथ ही इससे सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान मिलेगा।

क्या है आसियान और कौन-कौन से देश हैं इसके सदस्य?

आसियान यानी एसोसिएशन ऑफ साउथईस्ट एशियन नेशंस दक्षिण पूर्व एशिया के देशों का एक क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठन है। इसकी स्थापना वर्ष 1967 में हुई थी। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक विकास, राजनीतिक स्थिरता, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

आसियान के 11 सदस्य देशों में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम शामिल हैं। भारत इस संगठन का संवाद साझेदार है। इसके अलावा अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश भी आसियान के संवाद साझेदार हैं। भारत और आसियान के बीच बढ़ता सहयोग आर्थिक, रणनीतिक और क्षेत्रीय संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में इसी साझेदारी को भविष्य की वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को शांति एवं समृद्धि का केंद्र बनाने का आधार बताया।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।