पाकिस्तान में तीन पोलियो कर्मियों का अपहरण: टीकाकरण अ​भियान के दौरान हुई वारदात, पहले भी हो चुके है कई कर्मचारी अगवा

सेव सूची

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में जारी टीकाकरण अभियान के दौरान अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पोलियो टीकाकरण से जुड़े तीन कर्मचारियों का अपहरण कर लिया। पुलिस के अनुसार, हथियारबंद लोग इन तीनों कर्मचारियों को खैबर पख्तूनख्वा के टैंक जिले से अगवा करके किसी अज्ञात जगह पर ले गए। अपहृत कर्मचारियों की पहचान मीर जनन, इकराम और खानजाला ​​के रूप में हुई है।

टैंक जिला प्रशासन ने भी अपहरण की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात हथियारबंद लोगों ने सोरघर इलाके से पोलियो टीकाकरण से जुड़े तीन कर्मचारियों को अगवा कर लिया है। खैबर पख्तूनख्वा में पोलियो टीकाकरण दलों को निशाना बनाकर किए जा रहे अपहरण और हमलों की कई घटनाओं के बीच यह घटना सामने आया है।

दो नवंबर को चार कर्मचारियों का हुआ था अपहरण

टैंक जिले के शेख अत्तर इलाके से अज्ञात हथियारबंद लोगों ने दो नवंबर को चार पोलियो कर्मचारियों का अपहरण कर लिया था। वहीं, लोअर साउथ वजीरिस्तान के आजम वारसक से अगवा किए गए दो अन्य टीकाकरण कर्मियों को बाद में मुक्त कर दिया गया। खैबर जिले के जमरूद के चपरी इलाके से चार नवंबर को पोलियो अभियान के पर्यवेक्षक जलील खान का अपहरण कर लिया गया था। एक अन्य घटना में तीन नवंबर को मोहमंद जिले में पोलियो टीकाकरण टीम की सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मियों की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गया। बार-बार हो रही इन घटनाओं से पोलियो उन्मूलन के लिए देशव्यापी अभियान में जुटे अग्रिम मोर्चे के स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।