पाकिस्तान में रहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतरी: 5 की मौत और 30 घायल, 13 बोगियां खाली कराईं
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार सुबह यात्री ट्रेन के पटरी से उतरने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह 5:15 बजे मुल्तान में शेर शाह पुल के पास हुआ। कराची से पेशावर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस और राहत एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को मुल्तान के निश्तार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और राहतकर्मियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित निकालने का काम तेजी से चलाया गया। बचाव अधिकारियों ने बताया कि अब तक 13 बोगियों को खाली करा लिया गया है, जबकि एक बोगी में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
मरम्मत के दावे की पुष्टि नहीं
एक यात्री ने बताया कि हादसे से पहले रोहरी के पास कर्मचारियों ने नौवें डिब्बे के नट-बोल्ट की मरम्मत की थी। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि मरम्मत और ट्रेन के पटरी से उतरने के बीच कोई संबंध था या नहीं। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
प्रधानमंत्री ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने और घायलों को बिना देरी बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

